भारतीय पायलट ने बचाई इजरायल जा रहे विमान के यात्रियों की जान, चाकुओं से हुए हमले भी नहीं डिगा पाए

बुधवार को तेल अवीव जा रही एक फ्लाइट में को-पायलट ने कैप्टन पर चाकुओं से हमला कर दिया. जिस कैप्टन पर हमला हुआ, वह भारतीय है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में बुधवार को जिस पायलट पर को-पायलट ने हमला किया, वह भारतीय मूल के हैं. पायलट का नाम स्मित मछार है. को-पायलट के साथ हुई इस लड़ाई में स्मित बुरी तरह घायल और खून से लथपथ हो गए थे. 

विमान के कॉकपिट में यह सब तब हुआ, जब विमान 34 हजार फीट से ज्यादा की ऊंचाई पर था. इस दौरान दो मिनट के भीतर ही विमान 17 हजार से ज्यादा फीट नीचे आ गया.

को-पायलट ओमान का था, जिसने स्मित पर चाकू से हमला कर दिया था. बाद में किसी तरह विमान को सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंड कराया गया. को-पायलट को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि स्मित की हालत गंभीर है.

कौन हैं स्मित मछार?

उनकी लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, स्मित मछार जून 2022 से फ्लाईदुबई के बोइंग 737 फ्लीट में कैप्टन हैं.

इससे पहले उन्होंने मुंबई में स्पाइसजेट के साथ 11 साल काम किया था. उन्होंने स्पाइसजेट में पायलट-इन-कमांड के तौर पर 6,400 घंटे से ज्यादा उड़ान भरी है. नवंबर 2020 से वह स्पाइसजेट में लाइन ट्रैनिंग कैप्टन के तौर पर दूसरे पायलटों को ट्रैनिंग देते थे. 

Advertisement

मछार ने 'डायरेक्ट-एंट्री कैप्टन' के तौर पर फ्लाईदुबई जॉइन किया था. एयरलाइंस इस तरीके का इस्तेमाल उन पायलटों को सीधे कैप्टन की सीट पर रखने के लिए करती हैं जो पहले से ही किसी दूसरी एयरलाइन में विमान उड़ा रहे होते हैं. उनके पास बोइंग 737-800 और 737 MAX 8 और 9 पर 9,750 घंटे की उड़ान का अनुभव है.

उन्होंने वेलिंगकर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में बैचलर डिग्री हासिल की है. 

ये वीडियो भी देखेंः 17 हजार फुट नीचे आया विमान...दुबई-तेल अवीव फ्लाइट में हड़कंप!

बचाई 180 यात्रियों की जान

स्मित मछार पर को-पायलट चाकुओं से हमला करता रहा, फिर भी उन्होंने हार नहीं मानी. जिस फ्लाइट में यह सब हो रहा था, उसमें 180 यात्री सवार थे.

Advertisement

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि जब विमान तेल अवीव पहुंचने वाला था, तो एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला किया और ऐसा लगता है कि उसने यात्रियों के साथ विमान को क्रैश करने की कोशिश की. 

उन्होंने बताया कि इस विमान में लगभग सभी यात्री इजरायली थे. उन्होंने बताया कि एक यात्री ने उन्हें बताया कि विमान नीचे की ओर गोता लगाने लगा था. एक यात्री कॉकपिट में घुसने में कामयाब रहा और उन्होंने मिलकर उस पायलट को काबू में किया जो चाकू से हमला कर रहा था और विमान के सिस्टम को खराब करने की कोशिश कर रहा था.

यह भी पढ़ेंः प्लेन में खून-खराबा और इमरजेंसी लैंडिंग... इजरायलियों को बदकिस्मती उस देश ले आई जो इजरायल को देश ही नहीं मानता

Photo Credit: AFP

उस विमान में क्या कुछ हुआ?

फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, तेल अवीव जाने वाली फ्लाइट दुबई से रवाना हुई और 34,000 फीट की ऊंचाई पर पहुंच गई.

Advertisement

उड़ान भरने के दो घंटे 15 मिनट बाद, बोइंग 737 MAX अचानक तेजी से नीचे की ओर गया. यह एक मिनट से भी कम समय में 34,000 फीट से गिरकर लगभग 17,000 फीट पर आ गया और इसकी रफ्तार 411 नॉट से बढ़कर लगभग 600 नॉट हो गई.

कुछ सेकंड के लिए प्लेन थोड़ा संभला और 21,725 ​​फीट की ऊंचाई तक पहुंचा, लेकिन फिर तेजी से नीचे गिरा और इस बार 15,000 फीट से भी कम ऊंचाई पर आ गया.

Advertisement

अगले एक घंटे तक प्लेन एक स्थिर ऊंचाई बनाए रखने में नाकाम रहा, हालांकि यह 15,000 फीट के आसपास ही बना रहा. इससे संकेत मिलता है कि इसे ऑटोपायलट के बजाय हाथ से कंट्रोल किया जा रहा था.

तेजी से नीचे गिरने के बाद, जॉर्डन-सऊदी सीमा के पास उड़ते हुए विमान ने 7700 का 'स्क्वाक कोड' भेजा, जो एक आम अंतरराष्ट्रीय इमरजेंसी सिग्नल है. 

इसके बाद फ्लाइट ने कोड 7500 पर स्विच किया, जिसका मतलब है कि विमान हाईजैक हो गया है. प्लेन कुछ देर के लिए जॉर्डन के एयरस्पेस में गया और फिर वापस सऊदी अरब की ओर मुड़ गया. 

सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट के पास पहुंचने पर विमान ने फिर से कोड 7700 पर स्विच किया और वहीं लैंड किया.

यह भी पढ़ेंः 34 हजार फीट से नीचे आता प्लेन, पायलटों में खून-खच्चर और चीखते यात्री... दुबई से इजरायल जा रही फ्लाइट में क्या हुआ?


Topics mentioned in this article
Dubai Tel Aviv Flight
Dubai Tel Aviv Flight Emergency Landing
Saudi Arabia
Benjamin Netanyahu
Israel