इजरायल और अमेरिका से जारी युद्ध के बीच ईरान ने एक बार फिर यूएसए को बड़ी धमकी दे दी है. इस बार ईरान ने खाड़ी देशों में अमेरिकी विश्वविद्यालयों को लेकर धमकी दी है. ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने रविवार को ऐसा कहा है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका और इज़राइल के हमलों में ईरान के दो विश्वविद्यालय तबाह हो गए हैं.गार्ड्स ने मांग की है कि सोमवार दोपहर (0830 GMT) तक अमेरिका, विश्वविद्यालयों पर की गई बमबारी की निंदा करे.
आपको बता दें कि ईरान बीते एक महीने से इजरायल और अमेरिका के ठिकानों पर लगातार हमले कर रहा है. इजरायल के साथ-साथ खाड़ी के देशों में अमेरिका के सैन्य ठिकानों को लगातार निशाना बना रहा है. इस बीच ईरान ने सऊदी अरब में अमेरिका के प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर बड़ा हमला किया. दावा किया जा रहा है कि इस हमले में अमेरिका का अवाक्स सिस्टम तबाह हो गया है.
इस खबर ने दुनिया को चौंका दिया है कि ईरान के जखीरे में अभी भी बहुत कुछ बचा है, जिससे उसने दुनिया के सबसे शक्तिशाली मुल्क की वायुसेना की 'तीसरी आंख' को तबाह कर दिया. इतना ही नहीं, ईरान ने ये भी दावा किया है कि उसने हमले में एयर टू एयर रिफ्यूलर को भी नुकसान पहुंचा है और दर्जन भर अमेरिकी सैनिक भी घायल हुए हैं.
यह इसलिए हैरान करने वाली बात है कि क्योंकि इस एयरबेस की सुरक्षा अमेरिकी एयर डिफेंस सिस्टम THAAD और पैट्रियट के हवाले है. यानी, ईरानी मिसाइल और ड्रोन ने अमेरिकी एयर डिफेंस सिस्टम को उड़ाकर रख दिया. ईरान ने यह हमला तब किया, जब उसने आरोप लगाया कि अमेरिका ने इस बेस का इस्तेमाल उस पर हमले के लिए लॉन्चपैड के तौर पर किया था.
यह भी पढ़ें: ऊबड़-खाबड़ जानलेवा पहाड़, जला देने वाले रेगिस्तान... अमेरिकी फौज के लिए वियतनाम न बन जाए ईरान














