ईरान ने किया अमेरिकी नेवी के हेडक्वाटर पर स्ट्राइक का दावा, ट्रंप की सेना ने सुनाई दूसरी कहानी

एक तरफ ईरान ने दावा किया है कि उसने बहरीन और कुवैत में अमेरिका के एक बड़े सैन्य मुख्यालय और उसके ठिकानों को निशाना बनाया है. वहीं अमेरिका का दावा है कि ईरान के सभी हमले नाकाम हो चुके हैं और जवाबी कार्रवाई भी की गई है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
US Iran War News Updates: पिछले एक हफ्ते से अमेरिका ईरान एक दूसरे पर हमला कर रहे

ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर है. पिछले एक हफ्ते में दोनों ने एक-दूसरे पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए हैं. इसी कड़ी में एक बार फिर मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात दोनों देशों ने एक-दूसरे पर हमले के दावे किए हैं, लेकिन दोनों की कहानी बिल्कुल अलग है. ईरान का कहना है कि उसने अमेरिका के एक बड़े सैन्य मुख्यालय और उसके ठिकानों को निशाना बनाया. वहीं अमेरिका का दावा है कि उसने ईरान के सभी हमलों को नाकाम कर दिया और जवाबी कार्रवाई भी की. इस दावे के बाद अमेरिका ने फिर से बताया कि ईरान ने फिर एक लहर में ड्रोन दागे हैं और उन्हें भी नाकाम कर दिया गया है. आइए जानते हैं कि ईरान क्या दावा कर रहा है और अमेरिका ने उसका क्या जवाब दिया है.

ईरान का दावा

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया कि देर रात अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक ईरानी टैंकर पर हवाई हमला किया. इस हमले में टैंकर के इंजन वाले हिस्से को नुकसान पहुंचा. IRGC के अनुसार, इसके जवाब में उसकी नौसेना ने अमेरिकी और इजरायल समर्थक दुश्मन से जुड़े एक जहाज "पनाया" को मिसाइलों से निशाना बनाया.

ईरान का यह भी दावा है कि इसके बाद अमेरिका ने एक बार फिर हमला करते हुए केश्म द्वीप के दक्षिण में स्थित IRGC के एक संचार टावर को निशाना बनाया. ईरान के मुताबिक, इस कार्रवाई के जवाब में IRGC की एयरोस्पेस फोर्स ने कुवैत में मौजूद अमेरिकी एयरबेस, वहां तैनात हेलीकॉप्टरों और बहरीन में मौजूद अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े (यूएस फिफ्थ फ्लीट) के मुख्यालय पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए.

कई वीडियो भी सामने आए हैं जिसके दम पर ईरान दावा कर रहा है कि अमेरिका की एयर डिफेंस मिसाइलें कुवैत में ईरानी हमलों को रोकने में विफल हो रही थीं और जमीन पर गिर गईं.

Advertisement

अमेरिका का दावा

दूसरी तरफ अमेरिका की सेना ने ईरान के इन दावों को खारिज किया है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा कि 2 जून को अमेरिकी बलों ने ईरान की ओर से दागी गई कई बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया. अमेरिका के अनुसार, ईरान ने क्षेत्र के कई पड़ोसी देशों की तरफ मिसाइलें दागीं, लेकिन कोई भी मिसाइल अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी. अमेरिकी सेना का कहना है कि कुवैत की तरफ दागी गई दो मिसाइलें रास्ते में ही गिर गईं या टूट गईं. वहीं बहरीन की तरफ दागी गई तीन मिसाइलों को अमेरिकी और बहरीन की वायु रक्षा प्रणालियों ने तुरंत मार गिराया.

सेंटकॉम ने यह भी दावा किया कि अमेरिकी बलों ने क्षेत्रीय समुद्री मार्ग से गुजर रहे नागरिक जहाजों की तरफ भेजे गए ईरानी तीन आत्मघाती ड्रोन भी मार गिराए. अमेरिका के मुताबिक, इसके बाद उसने आत्मरक्षा में केश्म द्वीप पर मौजूद एक ईरानी सैन्य ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन पर हमला किया. अमेरिकी सेना ने कहा कि इस पूरी घटना में किसी भी अमेरिकी सैनिक को नुकसान नहीं पहुंचा. सेंटकॉम ने यह भी कहा कि संघर्षविराम के दौरान भी उसकी सेनाएं पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी ईरानी हमले का जवाब देने के लिए तैयार हैं.

Advertisement

इस दावे के एक घंटे बाद X पर एक और पोस्ट में सेंटकॉम ने दावा किया कि ईरान ने कुवैत में अमेरिकी सेना पर हमला करने के लिए फिर ड्रोनों की एक लहर लॉन्च किया है, लेकिन उन्हें टारगेट तक पहुंचने नहीं दिया गया. अमेरिकी सेंट्रल कमांड के एयर डिफेंस ने कई ड्रोनों को सफलतापूर्वक मार गिराया और सुनिश्चित किया कि किसी भी अमेरिकी कर्मियों या संपत्ति को नुकसान न पहुंचे.

यह भी पढ़ें: अमेरिका ने ईरान के केशम द्वीप पर किया हमला, तेहरान ने कुवैत और बहरीन पर दागी मिसाइलें

Featured Video Of The Day
असद एनकाउंटर के बाद UP Police ने चलाया आपॅरेशन! | CM Yogi | Syed Suhail
Topics mentioned in this article