जापान घूमने गई एक भारतीय महिला पर दुकान से सामान चुराने का आरोप लगा है. यह दावा निवेश सलाहकार (इंवेस्टमेंट एडवाइजर) मुथुकृष्णन धंडापानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किया है. उनके पोस्ट के बाद यह मामला ऑनलाइन चर्चा का विषय बन गया है और विदेशी देशों में पर्यटकों के व्यवहार को लेकर बहस छिड़ गई है. धंडापानी के अनुसार, वह एक टूर ग्रुप के साथ जापान यात्रा पर थे. उन्होंने दावा किया कि ग्रुप के अन्य लोगों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि एक महिला यात्रा के दौरान अलग-अलग जगहों से सामान चुरा रही थी. मामला तब सामने आया जब एक फेमस सुवेनियर दुकान में महिला को कथित तौर पर बिना पैसे दिए सामान लेते हुए पकड़ लिया गया.
अपने पोस्ट में धंडापानी ने लिखा, “हमारे ग्रुप में शुरू से ही एक महिला चोरी कर रही थी. हमें इसकी जानकारी नहीं थी. एक पर्यटक सुवेनियर दुकान में वह पकड़ी गई. पकड़े जाने के तुरंत बाद उसने पैसे देने का ऑफर दिया.”
In our group, from the beginning one lady has been shoplifting. We were not aware of it. In one of the tourist souvenir shops, she was caught. She immediately offered to pay money. The Japanese shop keeper said that they are a high trust society where stealing is rare and have…
— Muthukrishnan Dhandapani (@dmuthuk) May 30, 2026
पुलिस को भी पैसा देने की कोशिश
इसके बाद दुकानदार ने पुलिस को बुला लिया. धंडापानी ने दावा किया कि जापान में अपराध दर (क्राइम रेट) बहुत कम है और वहां ट्रैफिक अनुशासन भी काफी मजबूत है, इसलिए आमतौर पर पुलिस बहुत कम दिखाई देती है. उन्होंने कहा कि टूर मैनेजर महिला को लेकर पुलिस स्टेशन गया. पोस्ट के अनुसार, महिला ने पुलिस स्टेशन में भी पैसे देने की कोशिश की. धंडापानी ने लिखा, “पुलिस स्टेशन में भी उस महिला ने पैसे देने की पेशकश की. जापानी पुलिस इससे बिल्कुल प्रभावित नहीं हुई. उन्होंने समझाया कि चोरी की सजा कितनी गंभीर हो सकती है और कहा कि उसे जेल जाना पड़ सकता है.”
हालांकि, धंडापानी का दावा है कि आखिरकार पुलिस ने महिला को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया. उन्होंने लिखा, “लेकिन वह भारतीय थी और वे भारत का बहुत सम्मान करते हैं, इसलिए उसे कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया.”
यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है. कई लोगों ने इस कथित घटना पर शर्मिंदगी जताई है, जबकि कुछ लोगों ने कहा कि विदेशों में किसी एक पर्यटक का व्यवहार पूरे देश की छवि को प्रभावित कर सकता है.










