70 नाबालिग लड़कियों को स्नैपचैट से जाल में फंसाया, अश्लील फोटो-वीडियो से ब्लैकमेल किया, लंदन में आरोपी भारतीय को 30 साल जेल

पैरोल के योग्य होने से पहले काजी को कम से कम 20 साल की सजा काटनी होगी. वह जीवन भर यौन अपराधियों की सूची में भी शामिल रहेगा और अगर उसे पैरोल पर रिहा किया जाता है, तो उसे आठ साल तक पैरोल की शर्तों का पालन करना होगा.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
बिलाल काजी को जज ने भी बेहद खतरनाक माना. (फोटो-सोशल मीडिया)
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • ब्रिटिश अधिकारियों ने बिलाल काजी को एक सीरियल ऑनलाइन ग्रूमर बताया है.
  • जांच तब शुरू हुई जब दिसंबर 2021 में 13 साल की एक लड़की ने UK पुलिस से संपर्क किया.
  • बिलाल काजी को सजा सुनाते हुए जज स्टीफन एवरेट ने उसे बेहद खतरनाक इंसान बताया.

यूके में भारतीय मूल के एक स्टूडेंट को कम से कम 70 नाबालिग लड़कियों का यौन उत्पीड़न करने के जुर्म में 30 साल की जेल की सजा सुनाई गई है. यूनिवर्सिटी ऑफ चेस्टर में पढ़ने वाले 27 वर्षीय बिलाल काजी को शुक्रवार को सजा सुनाई गई. उसने बच्चों की अश्लील तस्वीरें बनाने, ब्लैकमेल करने और किसी बच्चे को यौन गतिविधियों में शामिल होने के लिए उकसाने सहित 37 आरोपों में अपना जुर्म कबूल कर लिया था.

सीरियल ऑनलाइन ग्रूमर है काजी

ब्रिटिश अधिकारियों ने काजी को एक सीरियल ऑनलाइन ग्रूमर बताया है. अगस्त 2021 से अगस्त 2025 के बीच, उसने स्नैपचैट, रोब्लॉक्स और विंक जैसे सोशल मीडिया और गेमिंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करके 10 से 17 साल की लड़कियों को अपना निशाना बनाया.

उसने खुद को "रीस" नाम का 14 साल का श्वेत ब्रिटिश लड़का बताया. इसके लिए उसने एक अनजान किशोर की तस्वीरों का इस्तेमाल किया, ताकि वह लड़कियों का भरोसा जीत सके और उन्हें यकीन दिला सके कि वे उसके साथ एक सच्चे रोमांटिक रिश्ते में है.

एक बार संपर्क बन जाने के बाद, काजी धीरे-धीरे और अधिक अंतरंग तस्वीरें और वीडियो की मांग करने लगता था. बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, जब लड़कियां ऐसा करने से हिचकिचाती थीं, तो वह उनसे कहता था कि जब लोग एक-दूसरे से प्यार करते हैं, तो वे ऐसा ही करते हैं.

Advertisement

कई बार लीक भी की तस्वीरें-वीडियो

इसके बाद, अगर वे उसकी आगे की मांगें मानने से इनकार करती थीं, तो वह उन्हें धमकी देता था कि जो तस्वीरें और वीडियो उन्होंने पहले ही उसे भेजे हैं, उन्हें वह उनके दोस्तों और परिवार वालों के बीच लीक कर देगा. कुछ मामलों में, उसने उनके सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लिए, उनके कॉन्टैक्ट्स के बीच कंटेंट फैला दिया और तस्वीरें ऑनलाइन पोस्ट कर दीं.  कोर्ट को बताया गया कि काजी ने स्नैपचैट के ज़रिए कुछ कंटेंट को चुपके से रिकॉर्ड भी किया और लड़कियों को ब्लैकमेल करने के लिए इसका इस्तेमाल किया.

यह ग्रूमिंग रैकेट कैसे सामने आया

जांच तब शुरू हुई जब दिसंबर 2021 में 13 साल की एक लड़की ने UK पुलिस से संपर्क किया. उसने जांचकर्ताओं को बताया कि उसने स्नैपचैट पर काजी से बात करना शुरू किया था, यह सोचकर कि वह उसकी ही उम्र का कोई लड़का है. जल्द ही उनकी बातचीत यौन प्रकृति की हो गई; काजी उससे अश्लील सवाल पूछने लगा और उसे आपत्तिजनक तस्वीरें भेजने के लिए मजबूर करने लगा.

Advertisement
जुलाई 2021 में, लड़की ने उससे कहा कि वह सिर्फ दोस्त बने रहना चाहती है और अब उसे तस्वीरें नहीं भेजना चाहती. इस पर काजी ने उसे गालियां दीं, बुरा-भला कहा और दावा किया कि वह उसकी संपत्ति है. उसने यह धमकी भी दी कि अगर लड़की उसकी बातें नहीं मानती रही, तो वह पहले भेजी गई तस्वीरों और कंटेंट को सबके बीच फैला देगा. अपनी तस्वीरें सबके सामने आ जाने के डर से, लड़की उसे आपत्तिजनक कंटेंट भेजती रही.

बाद में उसका स्नैपचैट अकाउंट हैक कर लिया गया और वह कंटेंट उसके दोस्तों के साथ शेयर कर दिया गया. उसने नवंबर 2021 में पुलिस को इस मामले की शिकायत की. बाद में जांच UK की चेशायर कॉन्स्टेबुलरी को सौंप दी गई, क्योंकि अधिकारियों को पता चला कि काजी का आखिरी ज्ञात पता चेस्टर में था. हालांकि, वह शहर और यूनिवर्सिटी छोड़ चुका था, लेकिन 21 जुलाई 2023 को UK वापस लौटने पर उसे हीथ्रो एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया.

पीड़ितों की पहचान करने वाले विशेष अधिकारियों ने काजी के डिवाइस से मिले यूज़रनेम और अन्य डेटा की जांच की. इसके जरिए उन्होंने UK के 45 पुलिस बलों में से 28 के अंतर्गत आने वाले 70 पीड़ितों की पहचान की. अपराध के समय इन पीड़ितों की उम्र 11 से 17 साल के बीच थी. पुलिस ने पहचाने गए हर पीड़ित से संपर्क किया और उन्हें अपने अनुभवों के बारे में बताने का मौका दिया.

तुम बहुत खतरनाक इंसान: जज

BBC की एक रिपोर्ट के अनुसार, 13 नवंबर को काजी को सजा सुनाते हुए जज स्टीफन एवरेट ने उसे एक ऐसा 'यौन अपराधी' बताया, जिसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की कमजोर सुरक्षा का फायदा उठाकर कमजोर और असुरक्षित बच्चों को अपना निशाना बनाया. जज ने कहा, "यह समझ से परे है कि कोई इंसान उन छोटी बच्चियों के साथ ऐसा कैसे कर सकता है, जैसा तुमने किया."  उन्होंने आगे कहा कि सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल करके काजी ने बच्चों से उनके अपने घरों में भी सुरक्षा का अहसास छीन लिया.

एवरेट ने कहा, "तुम बहुत खतरनाक इंसान हो." उन्होंने बताया कि काजी ने बच्चों के दिमाग में पैठ बनाने के लिए बहुत ही शातिर तरीकों का इस्तेमाल किया, और उनसे ऐसे काम करवाए जो उनके लिए पूरी तरह से अनजान और अजीब थे. जज ने कहा कि उन्हें सजा कम करने लायक कोई परिस्थिति नहीं दिखी और उन्होंने काजी के पछतावे पर भी संदेह जताया.

पैरोल के योग्य होने से पहले काजी को कम से कम 20 साल की सजा काटनी होगी. वह जीवन भर यौन अपराधियों की सूची में भी शामिल रहेगा और अगर उसे पैरोल पर रिहा किया जाता है, तो उसे आठ साल तक पैरोल की शर्तों का पालन करना होगा.

Advertisement

यह भी पढ़ें | सुरक्षाबलों के जवानों के लिए सुनहरा मौका, सब-इंस्पेक्टर के 1,167 पदों पर भर्ती शुरू, जानें योग्यता

Featured Video Of The Day
up election 2027 : मेरठ में योगी Vs ओवैसी! एक ही दिन, दो बड़ी रैलियां

Topics mentioned in this article
Indian Origin Student Arrested
UK Crime
UK Crime Crackdown
UK Crime News
Britain Scandal

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं