- भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच में पाकिस्तान को 61 रन से हराकर 8वीं बार इस टूर्नामेंट में जीत हासिल की है
- पाकिस्तान के प्रमुख अखबारों ने भारत के दबदबे और पाकिस्तान की कमजोर कप्तानी पर सवाल उठाए हैं
- सलमान आगा की कप्तानी और शाहीन अफरीदी के प्रदर्शन को लेकर पाकिस्तानी मीडिया ने कड़ी आलोचना की है
IND vs Pakistan, T20 WorldCup 2026: अब तो आदत सी है मुझको ऐसे जीने में... यह सिर्फ कलयुग फिल्म का एक फेमस गाना नहीं है, यह तो पाकिस्तान की अवाम और वहां की क्रिकेट टीम के लिए एक आईने की तरह है. खासकर जब बात भारत के खिलाफ ICC टूर्नामेंट की बात हो. वक्त बदल रहा, टूर्नामेंट बदल रहें, स्टेडियम बदल रहें लेकिन नतीजा हर बार वही. भारत ने पाकिस्तान को आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 27वें मुकाबले में 61 रन से मात दे दी है. इसी के साथ टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में 8 मुकाबले जीत लिए हैं. यह किसी एक टीम के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक जीत का रिकॉर्ड है. इस करारी हार के बाद पाकिस्तान में मातम का माहौल बन गया है. चलिए जानते हैं कि पाकिस्तान के अखबार इस हार पर क्या लिख रहे हैं.
"भारत और पाकिस्तान में कोई मुकाबला ही नहीं था"
पाकिस्तान के अखबार डॉन ने अपनी वेबसाइट पर "Pakistan prove no match for dominant India in highly anticipated T20 World Cup fixture" की हेडलाइन से सबसे उपर लाइव ब्लॉग लगाया है. इसका अनुवाद है कि भारत के दबदबे के सामने पाकिस्तान कहीं नहीं टिका. इसमें बताया गया है कि भारत ने पाकिस्तान को ऑलआउट कर आईसीसी टूर्नामेंटों में पाकिस्तान पर लगातार 11वीं जीत हासिल की है. एक दूसरी खबर में पाकिस्तान की हार की 5 वजहें बताई गई हैं. इसमें पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा की कप्तानी पर सवाल उठाया गया है.
"भारत से एक और हार के बाद पाकिस्तान के फैंस निराश"
इसी तरह जियो न्यूज ने भी भारत के हाथों पाकिस्तान क्रिकेट टीम की हार पर कई खबर छापी है. एक खबर की हेडलाइन है- 'Don't deserve this': Fans left dismayed after Pakistan fall to India again. यानी भारत से हारने के बाद पाकिस्तान के फैंस कह रहे हैं कि हम ऐसा डिजर्व नहीं करते. इसमें पाकिस्तानी फैंस का दर्द बताया गया है. इसमें लिखा है, "कई फैंस ने सवाल किया कि क्या बाबर आजम, शाहीन अफरीदी और शादाब खान जैसे सीनियर खिलाड़ी हाल के खेलों में बड़े मंच पर अपने निराशाजनक प्रदर्शन को देखते हुए टीम में जगह के हकदार थे."
यह भी बताया गया है कि पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटरों और एक्सपर्ट्स ने टीम के परफॉर्मेंस की खूब आलोचना की है. पूर्व टेस्ट क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ ने एक्स पर अपने विचार शेयर करते हुए जवाबदेही और नई प्रतिभा की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि टॉप टीमों के खिलाफ पाकिस्तान के बार-बार खराब प्रदर्शन के लिए दृष्टिकोण में बदलाव की आवश्यकता है. यूसुफ ने लिखा, "शाहीन, बाबर और शादाब के लिए समय खत्म हो गया है. पाकिस्तान की टी20 टीम को नए परफॉर्मर्स की जरूरत है, केवल कमजोर टीमों के खिलाफ जीत की नहीं."
"पाकिस्तान की शुरूआत तो और भी खराब थी"
पाकिस्तान के द एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार ने पाकिस्तान की हार की समीक्षा की है. पाकिस्तान की शुरुआत उनके प्रतिद्वंद्वियों से भी खराब रही. हाल के दिनों में टीम के सबसे होनहार बल्लेबाज साहिबजादा फरहान पहले ही ओवर में हार्दिक पंड्या के हाथों शून्य पर आउट हो गए.













