- UN रिपोर्ट के अनुसार हर दिन करीब 137 महिलाओं या लड़कियों की उनके साथी या परिवार द्वारा हत्या होती है.
- 83,000 महिलाओं और लड़कियों की पिछले वर्ष हत्या हुई, जिनमें से 60% साथी या परिवार के सदस्यों ने की.
- करीब हर 10 मिनट में एक महिला या लड़की की हत्या उसके साथी या परिवार के सदस्य द्वारा की जाती है.
दुनिया में करीब हर दस मिनट में एक महिला या लड़की की उसके साथी या परिजनों द्वारा हत्या कर दी जाती है यानी औसतन रोजाना 137 महिलाओं या लड़कियों की हत्या होती है. संयुक्त राष्ट्र द्वारा जारी एक नए आंकड़े में यह जानकारी सामने आई है. संयुक्त राष्ट्र मादक पदार्थ एवं अपराध कार्यालय (यूएनओडीसी) और संयुक्त राष्ट्र महिला ने सोमवार को जारी अपनी रिपोर्ट में कहा कि स्त्री हत्या (लैंगिक आधार पर की गई हत्या) के कारण दुनिया भर में हजारों महिलाओं और लड़कियों की जान जा रही है और इसमें कोई वास्तविक प्रगति नहीं दिख रही है.
रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘पिछले साल 83,000 महिलाओं और लड़कियों की जानबूझकर हत्या कर दी गई. इनमें से 60 प्रतिशत यानी 50,000 महिलाओं और लड़कियों की हत्या उनके अंतरंग साथी या परिवार के सदस्यों के हाथों हुई.''
हर दिन 137 महिलाओं या लड़कियों की हत्या
इसका मतलब है कि करीब हर 10 मिनट में एक महिला या लड़की की हत्या उसके साथी या परिवार के सदस्य द्वारा की जाती है - यानी औसतन हर दिन 137 महिलाओं या लड़कियों की हत्या. इसके विपरीत, उसी वर्ष केवल 11 प्रतिशत पुरुष हत्याएं अंतरंग साथी या परिवार के सदस्यों द्वारा की गईं.
यूएनओडीसी कार्यकारी निदेशक जॉन ब्रैंडोलिनो ने कहा, "दुनिया भर में बहुत सी महिलाओं और लड़कियों के लिए घर खतरनाक और कभी-कभी जानलेवा स्थान बना हुआ है."
ऑनलाइन हिंसा के खतरे पर भी हुई बात
ब्रैंडोलिनो ने महिला हत्या के प्रति बेहतर रोकथाम रणनीतियों और आपराधिक न्याय प्रतिक्रियाओं की आवश्यकता पर बल दिया, जो उन स्थितियों को ध्यान में रखें जो हिंसा के इस चरम रूप को बढ़ावा देती हैं.
संयुक्त राष्ट्र महिला नीति प्रभाग की निदेशक सारा हेंड्रिक्स ने ऑनलाइन हिंसा के खतरे पर प्रकाश डाला.
उन्होंने कहा कि डिजिटल हिंसा अक्सर केवल 'ऑनलाइन' ही सीमित नहीं रहती और यह 'ऑफलाइन' बढ़ सकती है और गंभीर मामलों में इससे जानलेवा नुकसान, जिसमें महिलाओं की हत्या भी शामिल है, होने का खतरा होता है.
महिलाओं और लड़कियों को दुनिया के हर क्षेत्र में इस चरम स्वरूप की हिंसा का सामना करना पड़ता है.
अनुमान है कि किसी करीबी साथी या परिजन के हाथों सबसे अधिक महिला हत्या (फेमिसाइड) दर अफ्रीका में रही (प्रति 1,00,000 महिला आबादी पर 3). इसके बाद अमेरिका (1.5), ओशिनिया (1.4), एशिया (0.7) और यूरोप (0.5) का स्थान है.
(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)













