- डोनाल्ड ट्रंप बोले- बड़े बेटे की शादी में जाने की कोशिश करूंगा लेकिन ईरान युद्ध की वजह से समय सही नहीं है
- डोनाल्ड ट्रंप जूनियर इस वीकेंड बहामास में दूसरी शादी कर रहे हैं, जबकि ट्रंप ईरान युद्ध खत्म कराने में लगे हैं
- ट्रंप ने मीडिया की आलोचना को लेकर कहा कि शादी में जाने या न जाने दोनों ही स्थितियों में उन्हें बुरा कहा जाएगा
एक तरफ दुनिया में युद्ध का तनाव, दूसरी तरफ बेटे की शादी का न्योता! अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इन दिनों ऐसी मुश्किल में फंस गए हैं जहां उन्हें तय करना है कि पहले परिवार संभालें या ईरान. ट्रंप के बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर इस वीकेंड दूसरी शादी करने जा रहे हैं, लेकिन उसी समय ट्रंप ईरान युद्ध को खत्म कराने में लगे हैं. ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर शादी में गया तो मीडिया मुझे मारेगा, और अगर नहीं गया तब भी मारेगा. यानी हाल कुछ ऐसा है कि बेटे की बारात भी संभालो और खुद के शुरू किए गए युद्ध को भी.
ट्रंप ने क्या कहा है?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि वह अपने बड़े बेटे की शादी में जाने की कोशिश करेंगे, लेकिन ईरान युद्ध की वजह से समय सही नहीं है. अमेरिकी मीडिया के मुताबिक, 48 साल के डोनाल्ड ट्रंप जूनियर इस वीकेंड दूसरी बार शादी करने जा रहे हैं. वह बेटीना एंडरसन से बहामास में शादी करेंगे. लेकिन इसी समय ट्रंप ईरान के साथ चल रहे अपने अलोकप्रिय युद्ध को खत्म करने के लिए समझौते पर काम कर रहे हैं. इस युद्ध की वजह से उनकी लोकप्रियता कम हुई है और नवंबर में होने वाले मिडटर्म चुनावों से पहले महंगाई और खर्चों को लेकर वोटरों में नाराजगी बढ़ी है.
जब पत्रकारों ने व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में ट्रंप से पूछा कि क्या वह बेटे की शादी में जाएंगे, तो उन्होंने कहा, “वह चाहते हैं कि मैं जाऊं. यह एक छोटा और प्राइवेट प्रोग्राम होगा और मैं वहां पहुंचने की कोशिश करूंगा.”
उन्होंने आगे कहा, “उम्मीद है उसकी शादी बहुत अच्छे से होगी.”
ट्रंप के बेटे को जान लीजिए
बता दें कि “डॉन जूनियर” के नाम से मशहूर डोनाल्ड ट्रंप जूनियर परिवार की लग्जरी रियल एस्टेट कंपनी ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट हैं. वह अपने पिता के दक्षिणपंथी MAGA राजनीतिक एजेंडे के बड़े समर्थक भी माने जाते हैं. वह अक्सर अपने पिता के साथ दिखाई देते हैं. इसी महीने की शुरुआत में भी दोनों फ्लोरिडा स्थित ट्रंप के मार-ए-लागो रिजॉर्ट से साथ में व्हाइट हाउस लौटे थे.
पिछले साल डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने कहा था कि वह “शायद एक दिन” राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ सकते हैं. ट्रंप का दूसरा और अंतिम कार्यकाल जनवरी 2029 तक चलेगा और रिपब्लिकन राष्ट्रपति ने अभी तक अपने बाद किसी उत्तराधिकारी का नाम तय नहीं किया है.













