'ईरान पर हमले का खतरा, तुरंत देश छोड़ें'... बेनतीजा जिनेवा वार्ता के बाद चीन-कनाडा ने दी सलाह

इजराइल में अमेरिकी दूतावास ने भी अपने कर्मचारियों को महत्वपूर्ण अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि जो स्टाफ मेंबर इजरायल छोड़ना चाहते हैं, वो आज ही ऐसा करें.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

ईरान संकट सुलझाने के लिए जिनेवा में अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधियों के बीच गुरुवार को हुई बैठक बेनतीजा रही. इसके बाद मध्य-पूर्व एशिया में बदलते हालात को देखते हुए चीन और कनाडा जैसे कई देशों ने अपने नागरिकों को ईरान छोड़ने की सलाह जारी कर दी है. भारत के अलावा पोलैंड, स्वीडन आदि देश पहले ही ऐसी एडवाइजरी जारी कर चुके हैं. उधर ट्रंप प्रशासन ने इजराइल में अमेरिकी दूतावास के स्टाफ को देश छोड़ने का सुझाव दिया है. 

चीन बोला, जोखिम काफी बढ़ गया है

ईरान को लेकर बढ़ते तनाव के बीच चीन ने अपने नागरिकों को ईरान की यात्रा से बचने की सलाह दी है. चीन सरकार ने कहा है कि ईरान पर अमेरिकी हमलों का खतरा है और जोखिम काफी बढ़ गया है, ऐसे में नागरिक फिलहाल ईरान की यात्रा से बचें. चीनी विदेश मंत्रालय ने ईरान में मौजूद सभी चीनी नागरिकों को सलाह दी है कि वे सुरक्षा सावधानियों को ध्यान में रखें और जितनी जल्दी हो सके, वहां से निकल जाएं. 

कनाडा ने कहा, हालात अच्छे नहीं

कनाडा ने भी ईरान में मौजूद अपने सभी नागरिकों से जल्द से जल्द वहां से निकलने की अपील की है. सरकारी बयान में ईरान में रह रहे कनाडाई नागरिकों से कहा गया कि मौजूदा तनाव की वजह से इलाके में हालात अच्छे नहीं हैं. बिना किसी चेतावनी के संघर्ष शुरू हो सकता है. अगर आप सुरक्षित तरीके से ईरान छोड़ सकते हैं, तो अभी वहां से निकल जाएं. 

देखें- ईरान के साथ सालों की जंग में नहीं उलझेगा अमेरिका! जेडी वेंस ने बताया ट्रंप का मिडिल ईस्ट वाला प्लान

Advertisement

अमेरिका ने इजरायली स्टाफ से कहा, निकल जाएं

उधर इजराइल स्थित अमेरिकी दूतावास ने भी अपने कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण अलर्ट जारी किया है. अमेरिकी राजदूत माइक हक्काबी ने शुक्रवार सुबह दूतावास के स्टाफ को ईमेल भेजकर कहा कि जो लोग देश छोड़ना चाहते हैं, वो आज ही ऐसा करें. न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, राजदूत ने कर्मचारियों से कहा कि वे वॉशिंगटन जाने वाली किसी भी उपलब्ध फ्लाइट में अपनी बुकिंग करा लें. 

मिडिल-ईस्ट में जंग के बादल गहराए

यह एडवाइजरी ऐसे समय में आई हैं जब पूरे मिडिल ईस्ट में बड़ी जंग छिड़ने की आशंका गहरा रही है. अमेरिका ने ईरान की घेराबंदी करते हुए बड़ी सेना तैनात कर दी है. वहीं ईरान ने धमकी दी है कि अगर अमेरिका ने हमला किया तो इलाके में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकाने उसके निशाने पर होंगे, जिससे हजारों अमेरिकी सैनिकों की जान खतरे में पड़ सकती है.

Advertisement
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप चाहते हैं कि ईरान अपना यूरेनियम एनरिचमेंट और लंबी दूरी का मिसाइल प्रोग्राम पूरी तरह रोक दे और हमास जैसे सशस्त्र गुटों को समर्थन देना बंद कर दे. वहीं ईरान का कहना है कि उसका परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह से शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है. ट्रंप ने 19 फरवरी को ईरान को समझौता करने के लिए 15 दिनों की डेडलाइन दी थी, जिसकी अवधि अब खत्म होने जा रही है.

वार्ता की उम्मीदों पर क्यों फिरा पानी?

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप के प्रतिनिधियों ने वार्ता के दौरान ईरान के सामने बेहद सख्त शर्तें रखी हैं. इसमें ईरान के तीन मुख्य परमाणु केंद्रों को नष्ट करना और संवर्धित यूरेनियम का पूरा भंडार अमेरिका को सौंपने की मांग शामिल है. हालांकि शुक्रवार को ईरान ने साफ कर दिया कि समझौते को संभव बनाने के लिए अमेरिका को अपनी सख्त मांगों को छोड़ना होगा. इस बयानबाजी ने जंग टालने की आखिरी कोशिश के रूप में देखी जा रही वार्ता से पैदा हुई उम्मीदों पर पानी फेर दिया है.

ये भी देखें- अमेरिका की पहली मिसाइल गिरते ही अरब देशों में लगेगी आग, ईरान के करीबी दोस्त देश को क्यों सता रहा डर
 

Featured Video Of The Day
Iran Israel War: ईरान के हमले से गुस्से में Middle East के 12 मुस्लिम देश! | Iran War News | Trump
Topics mentioned in this article