ऑस्ट्रेलिया की 'सबसे खूबसूरत' गली का तमगा पाकर भी वहां रहने वाले लोग क्यों परेशान हैं?

स्थानीय लोगों की एक बड़ी शिकायत यह भी है कि ये पर्यटक सिर्फ 'फोटो' लेने आते हैं, कस्बे की अर्थव्यवस्था में उनका कोई खास योगदान नहीं है. लोग सिडनी और अन्य शहरों से घंटों गाड़ी चलाकर आते हैं, अपनी सेल्फी लेते हैं और वापस लौट जाते हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी से करीब दो घंटे की दूरी पर बसा एक छोटा सा तटीय कस्बा 'गेरिंगोंग' (Gerringong) इन दिनों चर्चा में है. वजह है यहां की 'टास्मन ड्राइव' (Tasman Drive) सड़क, जिसे सोशल मीडिया पर 'ऑस्ट्रेलिया की सबसे खूबसूरत गली' का खिताब दे दिया गया है. 

लेकिन हैरानी की बात यह है कि जहां दुनिया इस खूबसूरती को निहारने आ रही है, वहीं यहां रहने वाले स्थानीय लोग इस वायरल फेम से बुरी तरह तंग आ चुके हैं. इंस्टाग्राम, टिकटॉक और चीन के रेडनोट जैसे प्लेटफॉर्म्स पर इस सड़क के वीडियो वायरल होने के बाद यहां पर्यटकों का ऐसा हुजूम उमड़ा है कि शांति से रहने वाले बाशिंदों का जीना मुहाल हो गया है.

हालत यह है कि करोड़ों की संपत्ति के मालिक और सुकून की तलाश में यहां बसे लोग अब अपने ही घर के बाहर ट्रैफिक जाम और पर्यटकों की बदतमीजी झेलने को मजबूर हैं.

Photo Credit: AFP

सेल्फी के चक्कर में सड़क पर 'सर्कस'

स्थानीय निवासियों का कहना है कि पर्यटकों के लिए यह जगह एक खूबसूरत बैकग्राउंड हो सकती है, लेकिन उनके लिए यह एक सिरदर्द बन गई है. लोग सड़क के बीचों-बीच खड़े होकर फोटो खिंचवाते हैं, जिससे ट्रैफिक थम जाता है. 81 वर्षीय स्थानीय निवासी पीटर हेन्सवर्थ बताते हैं कि पर्यटक सड़क पर थ्री-पॉइंट टर्न लेने की कोशिश करते हैं, बीच सड़क पर नाचते-झूमते हैं और जाते समय कूड़ा फैला जाते हैं. उनके मुताबिक, एक छोटे से कस्बे के लिए यह स्थिति अब बर्दाश्त से बाहर होती जा रही है.

इतना ही नहीं, प्राइवेसी की धज्जियां उड़ते देख कुछ लोगों ने तो कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. कुछ निवासियों ने अपने बगीचों के स्प्रिंकलर (पानी के फव्वारे) चला दिए हैं ताकि पर्यटक उनके लॉन पर खड़े होकर फोटो न ले सकें. वहीं, कुछ लोग इतने परेशान हैं कि वे अधिकारियों से इस सड़क को 'वन-वे' घोषित करने की मांग कर रहे हैं.

Photo Credit: AFP

पर्यटकों की भीड़, लेकिन खाली है कस्बे की जेब

स्थानीय लोगों की एक बड़ी शिकायत यह भी है कि ये पर्यटक सिर्फ 'फोटो' लेने आते हैं, कस्बे की अर्थव्यवस्था में उनका कोई खास योगदान नहीं है. लोग सिडनी और अन्य शहरों से घंटों गाड़ी चलाकर आते हैं, अपनी सेल्फी लेते हैं और वापस लौट जाते हैं. वे स्थानीय दुकानों या कैफे में जाकर कुछ खरीदारी नहीं करते, जिससे कस्बे को आर्थिक लाभ कम और अव्यवस्था ज्यादा मिल रही है. डिप्टी मेयर और स्थानीय बिजनेस ओनर मेलिसा मैटर्स का कहना है कि कुछ व्यवसायों को तो फायदा हो रहा है, लेकिन कई दुकानदार अभी भी खाली हाथ हैं.

Advertisement

Photo Credit: AFP

दिलचस्प बात यह है कि इस भीड़ में केवल स्थानीय ऑस्ट्रेलियाई ही नहीं, बल्कि चीन और कोलंबिया जैसे देशों से आए लोग भी शामिल हैं. इंस्टाग्राम पर वीडियो देखकर आए सागर मुंजल और एंडी लियाओ जैसे पर्यटकों का कहना है कि यह नजारा वाकई जादुई है. हालांकि, एंडी यह भी मानते हैं कि अगर वे यहां के निवासी होते, तो उन्हें भी अपने घर के आसपास में इतनी भीड़ पसंद नहीं आती.

यह भी पढ़ें: आपकी सांसों से बनेगा फ्यूल और उससे उड़ेंगे हवाई जहाज! चीनी वैज्ञानिकों की यह खोज भविष्य बदल सकती है

Advertisement
Featured Video Of The Day
West Bengal Exit Poll | बंगाल का सबसे नया EXIT POLL आज शाम 5 बजे NDTV India पर
Topics mentioned in this article