- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने UFO से जुड़े दशकों पुराने गुप्त दस्तावेजों को सार्वजनिक करने का संकेत दिया
- ट्रंप की दिलचस्पी सैन्य पायलटों से मिली जानकारी के बाद बढ़ी जिन्होंने उड़ान के दौरान अजीब वस्तुएं देखी थीं
- अमेरिकी सरकार UFO और एलियन से जुड़े दस्तावेजों को एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जारी करने की तैयारी कर रही है
Are Aliens Real: दुनिया के सबसे बड़े रहस्यों में से एक है कि क्या हम इस ब्रह्मांड में अकेले हैं? यानी क्या एलियन सच में होते हैं. अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक फैसले से शायद इसका जवाब मिलने वाला है. ट्रंप ने बुधवार, 29 अप्रैल को अमेरिकी सरकार की पारदर्शिता में एक बड़े बदलाव का संकेत दिया, खासकर UFO से जुड़े मामलों पर. UFO का अर्थ है 'अनआइडेंटिफाइड फ्लाइंग ऑब्जेक्ट', जिसे हिंदी में 'अज्ञात उड़ने वाली वस्तु' या साधारण भाषा में 'उड़न तश्तरी' कहा जाता है. पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि उनकी सरकार दशकों से छुपे UFO से जुड़े राज अब उजागर करने की तैयारी कर रही है. उन्होंने इशारा किया कि इन खुलासों में ऐसी दिलचस्प जानकारियां हो सकती हैं, जिनके बारे में लोग लंबे समय से जानना चाहते थे.
ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि हम जल्द ही जितना हो सके उतना सब कुछ जारी करेंगे. किसी कारण से, और शायद यही वजह है लोगों के दिमाग में यह बात लंबे समय से है. वे UFO और उससे जुड़ी हर चीज के बारे में जानना चाहते हैं. हम बहुत सारी चीजें जारी करेंगे, जिनमें से कुछ लोगों के लिए बहुत दिलचस्प होंगी.”
ट्रंप ने जोर देकर कहा कि उनकी जानकारी भरोसेमंद सैन्य पायलटों से आई है, जिससे हाल की UFO घटनाओं की सच्चाई को मजबूती मिलती है. हालांकि कोई तय तारीख नहीं बताई गई, लेकिन सरकार ने संकेत दिया है कि इन दस्तावेजों को सार्वजनिक करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इतिहास में “UFO फाइल्स” को हमेशा बहुत ज्यादा गोपनीय रखा गया है. ऐसे में यह कदम अमेरिकी इतिहास में सबसे बड़ा खुलासा माना जा रहा है.
यह कदम उस आदेश के बाद आया है, जो ट्रंप ने इस साल की शुरुआत में रक्षा विभाग को दिया था. इसमें “एलियन और बाहरी जीवन, UAP और UFO” से जुड़े दस्तावेज जारी करने को कहा गया था. सरकार इन फाइल्स को एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी जारी करने की तैयारी कर रही है.
यह विषय लंबे समय से Area 51 से भी जुड़ा रहा है, जो अमेरिका के नेवादा में स्थित एक बेहद गुप्त एयरफोर्स बेस है. इसे 1955 में गुप्त विमान परीक्षण के लिए बनाया गया था और यह दशकों से UFO से जुड़ी कॉन्सपिरेसी थ्योरी का केंद्र रहा है. यह जगह आम लोगों के लिए पूरी तरह बंद है और यहां मुख्य रूप से नए विमान और हथियारों का परीक्षण होता है.
यह भी पढ़ें: ब्रह्मांड में क्या राज छिपा है, खोजने का 100 गुना पावरफुल औजार मिल गया













