'राख के ढेर में बदल देंगे', ईरान की धमकी... सीजफायर पर ट्रंप ने कह दी ये बात; 10 बड़े अपडेट्स

ईरान पर अमेरिका और इजरायल हमले के बाद शुरू हुई जंग का आज 16वां दिन है. खार्ग आइलैंड पर अमेरिकी हमले के बाद ईरान ने धमकी दी है. इसी बीच ट्रंप ने सीजफायर को लेकर बड़ी बात कही है.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
इजरायली हमले में तबाह तेहरान की इमारत.
IANS
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी से ईरान पर हमले शुरू किए, जिनमें ईरान के तत्कालीन सुप्रीम लीडर की मौत हुई थी
  • ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान की सैन्य क्षमता पूरी तरह नष्ट हो चुकी है और वह सीजफायर के लिए तैयार है
  • होर्मुज स्ट्रेट को ईरान ने नियंत्रित कर रखा है, लेकिन यह केवल दुश्मनों के लिए बंद है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
तेहरान:

अमेरिका-इजरायल और ईरान की जंग का आज 16वां दिन है. अब तक जंग न तो किसी अंजाम पर पहुंची है और न ही शांति की कोई उम्मीद नजर आ रही है. ईरान पर अमेरिकी और इजरायली हमले लगातार जारी हैं. ईरान के सेंट्रल इस्फहान में कई मिसाइल हमले हुए हैं, जिनमें 15 लोगों के मारे जाने की खबर है. इससे पहले अमेरिका ने शुक्रवार को ईरान के लिए अहम माने जाने वाले खार्ग आइलैंड पर हमला किया था. इसके बाद ईरान ने भी धमकी दी है. इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान सीजफायर के लिए तैयार है.

US-इजरायल और ईरान जंग के बड़े अपडेट्स

  1. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की सैन्य क्षमता पूरी तरह से नष्ट हो गई है. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि ईरान के लिए एक-दो ड्रोन भेजना, माइन अटैक करना या होर्मुज स्ट्रेट के आसपास कम दूरी की मिसाइल दागना आसान है, भले ही वह कितनी भी बुरी तरह हार गया हो.
  2. होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही शुरू करने के लिए ट्रंप ने दूसरे देशों से अपने जहाज भेजने की अपील की है. ट्रंप ने कहा कि उम्मीद है कि चीन, फ्रांस, जापान, साउथ कोरिया, ब्रिटेन और बाकी देश इस क्षेत्र में जंगी जहाज भेजेंगे ताकि होर्मुज स्ट्रेट को अब उस देश से कोई खतरा न रहे, जिसकी सैन्य क्षमता पूरी तरह से खत्म हो चुकी है.
  3. सीजफायर को लेकर ट्रंप ने दावा करते हुए कहा कि 'ईरान एक समझौता करना चाहता है और मैं ऐसा नहीं करना चाहता क्योंकि इसकी शर्तें अभी उतनी अच्छी नहीं है.' उन्होंने आगे दावा करते हुए कहा, 'हमने खार्ग द्वीप को पूरी तरह तबाह कर दिया है, लेकिन हम सिर्फ 'मजे के लिए' उस पर और कई बार हमला कर सकते हैं.'
  4. ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि 'हमारी सेना पहले ही कह चुकी है कि अगर हमारे तेल और ऊर्जा इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला होता है, तो वे जवाबी कार्रवाई करेंगे. वे इस क्षेत्र में किसी भी ऐसी ऊर्जा सुविधा पर हमला करेंगे जो किसी अमेरिकी कंपनी की है या जिसमें उस कंपनी की आंशिक हिस्सेदारी है.' उन्होंने दावा किया कि खार्ग आइलैंड पर हमला संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रास अल-खैमाह और दुबई के पास से किए गए थे.
  5. ईरानी सेना के सेंट्रल हेडक्वार्टर खातम अल-अनबिया ने खार्ग द्वीप पर हमले के बाद सीधी धमकी दी है. खातम अल-अनबिया के प्रवक्ता इब्राहिम जोल्फाघारी ने सरकारी मीडिया IRNA से कहा, 'अमेरिकी हितों से जुड़े सभी तेल, आर्थिक और ऊर्जा इंफ्रास्ट्रक्चर को नष्ट कर दिया जाएगा और उन्हें राख के ढेर में बदल दिया जाएगा.'
  6. होर्मुज स्ट्रेट को लेकर ईरान की इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने कहा कि यह खुला हुआ है लेकिन हमारे नियंत्रण में है. IRGC की नेवी के कमांडर अलीरेजा तंगसिरी ने कहा कि 'होर्मुज स्ट्रेट को सैन्य रूप से बंद नहीं किया गया है, बल्कि यह केवल नियंत्रण में है.' वहीं, विदेश मंत्री अराघची ने कहा कि 'यह केवल हमारे दुश्मनों, हम पर हमला करने वालों और उनके सहयोगियों से संबंधित टैंकरों और जहाजों के लिए बंद है. बाकी सभी वहां से गुजरने के लिए स्वतंत्र हैं.'
  7. ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई को लेकर अमेरिकी नेताओं ने दावा किया था कि वह घायल हो चुके हैं. हालांकि, ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि वह ठीक हैं. एक टीवी इंटरव्यू में अराघची ने कहा कि 'नए सुप्रीम लीडर के साथ कोई दिक्कत नहीं है. उन्होंने कल अपना संदेश भेजा था, और वह अपना काम कर रहे हैं.'
  8. ईरान के आखिरी शाह के निर्वासित बेटे रजा पहलवी ने कहा कि वह जैसे ही इस्लामिक शासन गिरेगा, वह नई सरकार का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा, 'जैसे ही इस्लामिक रिपब्लिक का पतन होगा, वैसे ही देश की सत्ता संभालने के लिए तैयार हैं.' उन्होंने दावा किया कि सत्ता संभालते ही वह जल्द से जल्द ईरान की सुरक्षा, स्वतंत्रता और समृद्धि बहाल करेंगे.
  9. हमास ने शनिवार को ईरान से अपील की कि वह पड़ोसी देशों को निशाना बनाने से परहेज करे. हालांकि, उसने ये भी कहा कि ईरान के पास खुद को अमेरिकी और इजरायली हमलों से बचाने का अधिकार है. हमास ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी आग्रह किया कि वे उस युद्ध को खत्म करने के लिए कदम उठाएं.
  10. इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू 'बिल्कुल ठीक' हैं, उनके दफ्तर ने यह दावा तब किया जब सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट में उनके निधन की बात कही गई थी. सोशल मीडिया पर नेतन्याहू के निधन का दावा किया जा रहा था. इससे जुड़े सवाल पर प्रधानमंत्री ऑफिस ने कहा, 'ये फेक न्यूज हैं. प्रधानमंत्री बिल्कुल ठीक हैं.'

28 फरवरी से जारी है जंग

ईरान पर 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने मिलकर हमला कर दिया था. इस हमले में ईरान के तत्कालीन सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई थी. उनकी मौत के बाद 8 मार्च को उनके बेटे मुजतबा खामेनेई को नया सुप्रीम लीडर चुना गया है. 

28 फरवरी से ही जंग चल रही है. अमेरिकी और इजरायली हमलों के जवाब में ईरान ने मिडिल ईस्ट के कई देशों पर भी हमला कर दिया है. साथ ही होर्मुज स्ट्रेट को भी बंद कर दिया है, जहां से दुनिया का 20% कच्चा तेल गुजरता है. 

इस बीच शुक्रवार को अमेरिका ने ईरान के खार्ग आइलैंड पर जोरदार बमबारी की है. ट्रंप ने दावा किया कि इन हमलों में खार्ग आइलैंड पर मौजूद ईरान का मिलिट्री इंफ्रास्ट्रक्चर पूरी तरह तबाह हो गया है. ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर होर्मुज स्ट्रेट अगर बंद रहता है तो ईरान के ऑयल इंफ्रास्ट्रक्चर को भी निशाना बनाया जा सकता है.

Advertisement
Featured Video Of The Day
Iran-Israel War | Bharat Ki Baat Batata Hoon | LPG Price | भारत का दम, होर्मुज पार कर गए हम!