युंगाडा में एक ऐसे सीरियल किलर को गिरफ्तार किया गया है जिसपर 15 साल के दौरान 38 लोगों की हत्या करने और उन्हें खा जाने का आरोप है. खुद देश के सैन्य प्रमुख ने इसकी जानकारी दी है. इस आरोपी की पहचान मुजुरीजी मोसेस के रूप में हुई है. उस पर 2010 से 2025 के बीच युगांडा के मसाका, इबांडा और काजो जिलों में ये अपराध करने का आरोप है. युगांडा के चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज, जनरल मुहूजी काइनरुगाबा ने सोमवार शाम X पर एक पोस्ट के जरिए इस गिरफ्तारी की जानकारी दी. उन्होंने मोसेस को देश के सबसे खतरनाक सीरियल किलर्स और इंसानी मांस खाने वालों (नरभक्षियों) में से एक बताया.
सेना प्रमुख ने कहा कि आरोपी पर सार्वजनिक रूप से मुकदमा चलाया जाएगा और उसे सजा ए मौत दी जाएगी. जनरल काइनरुगाबा ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "मुझे अपने देशवासियों को यह बताते हुए खुशी हो रही है कि सुरक्षा बलों ने मुजुरीजी मोसेस जैसे शैतान को गिरफ्तार कर लिया है. यह युगांडा के इतिहास का सबसे खतरनाक सीरियल किलर और नरभक्षी है. उसने 2010 से 2025 के बीच मसाका, इबांडा और काजो में 38 लोगों की हत्या की और उन्हें खा गया. हम उस पर सार्वजनिक रूप से मुकदमा चलाएंगे और उसे निश्चित रूप से मौत की सजा देंगे."
कैसे करता था क्राइम?
मूसा पर पिछले कुछ सालों में कई क्रूर हत्याएं करने का आरोप है. पुलिस के अनुसार उसने कथित तौर पर पूरे परिवारों को अपना निशाना बनाया- वह घरों में घुसता था और पीड़ितों पर धारदार गंडासे से हमला करता था. 'मेट्रो' की रिपोर्ट के अनुसार, सबसे क्रूर घटना में, उसके कथित साथियों ने पेंटेकोस्टल पादरी स्टीवन मुगाम्बे के घर में घुसकर वहां मौजूद सभी लोगों की हत्या कर दी थी.
अन्य मामलों में, उसने कथित तौर पर लड़कियों को रिश्ते का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया और फिर उनकी हत्या कर दी. बताया जाता है कि मुजुलिजी को पहले भी कई बार पकड़ा गया था, लेकिन वह या तो भाग निकला या फिर संदिग्ध परिस्थितियों में उसे रिहा कर दिया गया.
गिरफ्तारी के बाद, अधिकारियों ने कथित आरोपी के घर से कुछ भौतिक सबूत बरामद किए हैं. जांचकर्ता इस क्षेत्र के लापता लोगों के अनसुलझे मामलों और हत्या के रिकॉर्ड की भी जांच कर रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इनका संबंध इन कथित अपराधों से है. हालांकि, मोसेस पर लगे आरोपों को कानूनी प्रक्रिया के जरिए साबित करना होगा. इस गिरफ्तारी ने एक दशक से भी अधिक समय में हुई कई कथित हत्याओं की ओर ध्यान खींचा है. जांच के बारे में और जानकारी तथा अधिकारियों द्वारा जुटाए गए सबूतों का अभी इंतजार है.
यह भी पढ़ें | 28 बंदरों को मां से किया अलग, इंसानों के फायदे के लिए हुआ एक्सपेरिमेंट, फिर सबको जहर देकर मारा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं