- यूक्रेन की राजधानी कीव में एक बंदूकधारी ने सड़कों पर अंधाधुंध गोलीबारी कर चार लोगों की हत्या की.
- बंदूकधारी ने एक सुपरमार्केट में घुसकर एक व्यक्ति की हत्या की और कई लोगों को बंधक बना लिया.
- विशेष पुलिस बलों ने बंदूकधारी से बातचीत नाकाम रहने पर सुपरमार्केट पर धावा बोलकर उसे गोली मार दी.
यूक्रेन की राजधानी कीव में शनिवार को हुई गोलीबारी की घटना में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई. यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, एक बंदूकधारी ने शहर की सड़कों पर अंधाधुंध गोलीबारी करते हुए चार राहगीरों की हत्या कर दी, इसके बाद वह पास स्थित एक सुपरमार्केट में घुस गया. वहां उसने एक व्यक्ति की हत्या करने के साथ ही कई लोगों को बंधक बना लिया.
यूक्रेन के आंतरिक मंत्री इहोर क्लिमेंको ने बताया कि हमलावर से बातचीत की कोशिशें नाकाम रहने के बाद विशेष पुलिस बलों ने सुपरमार्केट पर धावा बोला. कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए जाने का विरोध करने पर बंदूकधारी को गोली मार दी गई. बाद में कीव के मेयर विटाली क्लित्स्को ने जानकारी दी कि गंभीर रूप से घायल एक युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या छह हो गई.
UNIAN न्यूज़ एजेंसी द्वारा जारी किए गए एक फुटेज में एक व्यक्ति को बंदूक लिए हुए और फ़्लैट्स के एक ब्लॉक के पास, बहुत करीब से किसी दूसरे व्यक्ति पर गोली चलाते हुए दिखाया गया है. कीव के मेयर विटाली क्लित्स्को ने शनिवार को बताया कि संदिग्ध बाद में एक सुपरमार्केट में घुस गया, जहां गोलियों की आवाज सुनी गई.
ये भी पढ़ें : होर्मुज में भारतीय जहाजों पर गोलीबारी, क्या यूएन में भारत के आवाज उठाने से नाराज हुआ ईरान?













