पत्नी ने प्रेमी देवर संग पति को उतारा मौत के घाट, लाश के बगल में सोकर करती रही नाटक

  • 3:07
  • प्रकाशित: मार्च 30, 2026

यूपी के अमरोहा जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. एक पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी पत्नी पूरी रात पति की लाश के पास अपने दो मासूम बच्चों के साथ सोती रही और सुबह होते ही डकैती की झूठी कहानी गढ़ने लगी. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए कातिल पत्नी रूही, उसके प्रेमी फरमान और उसके दोस्त अदनान को गिरफ्तार कर लिया है. 

पांच साल पुराने अवैध संबंध बने हत्या की वजह

यह दिल दहला देने वाली घटना अमरोहा जिले के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव पिपलौती कला की है. यहां रहने वाले राजमिस्त्री मेहराज की शादी थाना सैदनगली क्षेत्र के गांव ढक्का निवासी रूही से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही रूही के अपनी बहन के देवर फरमान से अवैध संबंध हो गए थे. बताया जा रहा है कि दोनों करीब पांच वर्षों से रिश्ते में थे और साथ रहना चाहते थे. जब मेहराज को पत्नी के इस प्रेम प्रसंग की जानकारी हुई तो वह इसका विरोध करने लगा, जिससे दंपती के बीच लगातार तनाव बना रहता था.

खाने में नशे की गोलियां, फिर गला रेतकर हत्या

इश्क में अंधी रूही ने पति को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बनाया. उसने शाम के समय मेहराज के खाने में नशीली गोलियां मिला दीं. रात में अपने प्रेमी फरमान और उसके दोस्त अदनान को घर बुलाया गया. तीनों ने पहले मेहराज के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और फिर धारदार चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी.

पति की लाश के बगल में रात भर सोई पत्नी

घटना के बाद जो सामने आया, वह और भी हैरान करने वाला था. हत्या के बाद रूही अपने दोनों मासूम बच्चों के साथ पति की लाश के बगल वाली चारपाई पर पूरी रात सोती रही. सुबह जब मेहराज के पिता बेटे के घर पहुंचे तो बरामदे में चारपाई पर मेहराज की लाश पड़ी थी, हाथ-पैर बंधे हुए थे और पास ही रूही बच्चों के साथ सोती मिली. खुद को बचाने के लिए रूही ने मारपीट और डकैती की झूठी कहानी सुनाई, लेकिन परिजनों को उस पर शक हो गया.

पूछताछ में खुला राज, तीनों आरोपी गिरफ्तार

मेहराज के पिता की शिकायत पर पुलिस ने रूही को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां वह टूट गई और पूरी साजिश का खुलासा हो गया. पुलिस ने रूही, उसके प्रेमी फरमान और दोस्त अदनान को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दो चाकू और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच पूरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

संबंधित वीडियो