नोएडा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दहेज की कथित मांग और लगातार हो रही प्रताड़ना के बीच 25 वर्षीय दीपिका नागर की मौत हो गई. इस समय दीपिका का शव नोएडा के पोस्टमार्टम हाउस में रखा हुआ है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही दीपिका को ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था. दीपिका की शादी 11 दिसंबर 2024 को ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में हुई थी. परिजनों का कहना है कि शादी में करीब ₹1 करोड़ खर्च किए गए थे, साथ ही ₹50 लाख के जेवर, 35-40 तोला सोना, स्कॉर्पियो गाड़ी और अन्य सामान भी दिया गया था.
इसके बावजूद कथित तौर पर ससुराल पक्ष की मांग खत्म नहीं हुई. आरोप है कि शादी के कुछ महीनों बाद ही ₹50 लाख कैश और फॉर्च्यूनर गाड़ी की मांग शुरू कर दी गई. परिवार ने बताया कि पिछले 3-4 महीनों से दीपिका को ज्यादा प्रताड़ित किया जा रहा था.
घटना से ठीक पहले भी दीपिका के पिता ससुराल पहुंचे थे और मामला सुलझाने की कोशिश की थी. लेकिन कुछ ही देर बाद फोन आया कि दीपिका गिर गई है और घायल है. जब परिवार शारदा अस्पताल पहुंचा तो बेटी के शरीर पर मारपीट के गंभीर निशान थे. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि शरीर पर गोली जैसे जख्म के निशान दिखे और उन्हें तीन मंजिला इमारत से फेंका गया. परिवार का दावा है कि दीपिका को अस्पताल लाने वाली गाड़ी खून से सनी हुई थी और ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए.
पुलिस ने इस मामले में अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया है और आगे की जांच जारी है. हालांकि परिवार का आरोप है कि ससुर मनोज प्रधान का स्थानीय स्तर पर राजनीतिक प्रभाव है और वह मामले को प्रभावित करने की कोशिश कर सकते हैं. यह मामला एक बार फिर दहेज प्रथा और महिलाओं के खिलाफ घरेलू हिंसा पर बड़ा सवाल खड़ा करता है. अब सभी की नजर पुलिस और जांच एजेंसियों पर है कि क्या इस मामले में पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाएगा.
#DeepikaNagarCase #DeepikaNagar #GreaterNoidaNews #DeepikaNagarJalpura #दीपिका_को_किसने_मारा #GreaterNoidaMurderCase #DeepikaNagarCaseUpdate