अमेरिका‑ईरान युद्ध को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक और बड़ा बयान सामने आया है. ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ युद्ध अब खत्म होने की कगार पर है. अमेरिकी मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा कि ईरान अमेरिका से समझौता करने के लिए बेताब है और अगर अमेरिका वहां से निकल गया, तो ईरान को दोबारा खड़ा होने में 20 साल लग जाएंगे.
हालांकि ज़मीनी हालात ट्रंप के दावों से अलग नजर आ रहे हैं. जहां ट्रंप युद्ध खत्म होने की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ अमेरिका‑ईरान के बीच तनाव अब भी बरकरार है और सिर्फ अस्थायी सीजफायर की स्थिति बनी हुई है.
इसी बीच अमेरिका और ईरान के बीच दूसरी वार्ता को लेकर भी बड़ी खबर सामने आ रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों देशों के बीच बातचीत का दूसरा दौर पाकिस्तान में हो सकता है. इस संभावित वार्ता में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वन्स अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर सकते हैं. उनके साथ अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और व्हाइट हाउस के पूर्व सलाहकार जेरड कुशनर के भी शामिल होने की संभावना है.
इससे पहले इस्लामाबाद में हुई पहली वार्ता बेनतीजा रही थी. जेडी वन्स ने माना था कि बातचीत उपयोगी रही लेकिन किसी समझौते पर सहमति नहीं बन पाई. अमेरिका ने पहली वार्ता के बाद ईरान पर परमाणु कार्यक्रम जारी रखने का आरोप लगाया था, जबकि ईरान ने पलटवार करते हुए कहा था कि अमेरिका ने बातचीत में जरूरत से ज्यादा शर्तें रख दीं, जिससे वार्ता विफल हो गई.
अब सवाल यह है कि क्या दूसरे दौर की बातचीत से कोई ठोस नतीजा निकल पाएगा. इजराइली मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका चाहता है कि होर्मुज जलडमरू मध्य को पूरी तरह खोला जाए. वहीं ईरान इसे अपनी सबसे बड़ी रणनीतिक ताकत मानता है और इस शर्त को मानना उसके लिए मुश्किल माना जा रहा है.
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर शुरुआती शर्तों पर ही अड़चन रही, तो दूसरे दौर की वार्ता से भी बड़े नतीजे की उम्मीद कम है. इसके बावजूद दुनिया की नजरें इस संभावित बातचीत पर टिकी हैं, क्योंकि किसी भी समझौते से मिडिल ईस्ट में स्थायी सीजफायर और तनाव में कमी की उम्मीद की जा सकती है.
ट्रंप और जेडी वन्स के बयानों ने अनिश्चितता जरूर बढ़ा दी है, लेकिन यह भी साफ है कि कूटनीति के रास्ते अभी पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं. अब बड़ा सवाल यही है कि क्या ईरान पर्याप्त लचीलापन दिखाएगा और क्या अमेरिका अपनी शर्तों पर नरमी लाएगा.
अगली संभावित वार्ता इस्लामाबाद, जिनेवा, सऊदी अरब या इस्तांबुल में हो सकती है. जंग जारी रहेगी या बातचीत से रास्ता निकलेगा, इसका फैसला अब पूरी दुनिया की नजरों के सामने होने वाला है.
Trump Iran war statement, Iran war near end, US Iran peace talks, Donald Trump Iran news, Iran US negotiations, second round of US Iran talks, Trump on Iran conflict, Iran nuclear talks US, Middle East war latest news, Trump foreign policy Iran, ceasefire talks Iran US, Iran war latest update