कुदरत का रौद्र रूप: वैष्णो देवी यात्रा रुकी, कई घर बहे, मलबे में दबा ITBP कैंप

  • 10:36
  • प्रकाशित: जुलाई 19, 2026

देश के कई राज्यों में मॉनसून अब भारी आफत बन चुका है. जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमाचल, उत्तराखंड, यूपी और महाराष्ट्र तक भारी बारिश ने कोहराम मचा रखा है. नदियों का जलस्तर उफान पर है और लोगों का जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है. राजौरी और करगिल (साकू इलाके) में फ्लैश फ्लड आ गया है. तेज बहाव में कई घर और मवेशी बह गए. वहीं, खराब मौसम और खतरे को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा को अगले आदेश तक के लिए रोक दिया गया है. किन्नौर में बादल फटने से भयानक तबाही हुई है. पहाड़ों का मलबा सीधे ITBP कैंप में जा घुसा, जिससे लोगों को जान बचाकर भागना पड़ा. मौसम विभाग ने 23 जुलाई तक के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है. पिथौरागढ़ में रामगंगा नदी ने रौद्र रूप ले लिया है. हरिद्वार में भी मौसम ने अचानक करवट ली है और भारी बारिश शुरू हो गई है. यूपी के कई जिलों में अलर्ट है. बांदा का सरकारी अस्पताल बारिश के बाद स्विमिंग पूल बन गया है, वहीं आगरा के पॉश इलाके (कमला नगर) में सड़क धंसने से गहरा गड्ढा हो गया है. जांजगीर-चांपा में लगातार बारिश से एक और बांध टूट गया है जिससे सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद हो गई है. दूसरी तरफ, उमस के बाद मुंबई में एक बार फिर तेज बारिश लौटी है.

संबंधित वीडियो