उत्तराखंड के ऋषिकेश से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाले हादसे की खबर सामने आई है, जहां लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण बीन नदी अचानक उफान पर आ गई. नदी के इसी बेहद तेज और डरावने सैलाब के बीच एक सफेद रंग की कार अचानक फंस गई, जिसमें दो लोग सवार थे. पानी का बहाव इतना तेज था कि कार कभी भी बह सकती थी और एक बड़ा हादसा निश्चित लग रहा था. घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने बिना वक्त गंवाए तुरंत मोर्चा संभाला. बेहद खतरनाक परिस्थितियों और पानी की तेज धार के बीच जाकर रेस्क्यू टीम ने अपनी तत्परता और जांबाजी दिखाई. टीम ने कड़ी जद्दोजहद के बाद कार में फंसे दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. उत्तराखंड के देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार सहित कई जिलों में लगातार हो रही आफत की बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और निचले इलाकों में बाढ़ जैसी गंभीर स्थिति बनी हुई है. प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के करीब न जाने और सतर्क रहने की अपील की है.