जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले से तबाही की डरावनी तस्वीरें सामने आई हैं. फ्लैश फ्लड और भूस्खलन ने यहां लोगों की जिंदगी को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. कठुआ के बेला इलाके के लोगों की जीवनरेखा मानी जाने वाली पुलिया अचानक आई बाढ़ के तेज बहाव में क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे 25 से अधिक गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया. सैलाब के कारण कई सड़कों का नामोनिशान मिट चुका है. लोग अब कीचड़, पथरीले रास्तों और उफनते नालों के बीच पैदल सफर करने को मजबूर हैं. कठुआ की जोध घाटी में बादल फटने के बाद भारी तबाही मची. यहां मकान ढहने से 5 लोगों की मौत हो गई. वहीं, जोध घाटी से करीब 15 किलोमीटर दूर जंगलोट की पहाड़ियों में हुए भूस्खलन और मलबे की चपेट में आने से 2 अन्य लोगों की जान चली गई.