रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा सैन्य टकराव अब अपने 5वें साल में प्रवेश कर चुका है, जो किसी जीत या हार के बजाय एक अंतहीन और गहरे दलदल (War of Attrition) में तब्दील हो गया है। बुधवार को जब रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का ड्रीम इकोनॉमिक फोरम (रूस का दावोस) शुरू होने वाला था, जहाँ दुनिया भर से 20,000 मेहमान जुटे थे, ठीक उससे चंद घंटे पहले यूक्रेन ने रूस की दहलीज पर अब तक का सबसे बड़ा मिसाइल और ड्रोन हमला बोल दिया। यूक्रेन ने कीव और निप्रो पर हुए रूसी हमलों का बदला लेने के लिए सेंट पीटर्सबर्ग, मॉस्को और नोगोरोद जैसे प्रमुख शहरों पर एक साथ 350 से ज्यादा ड्रोन्स की बारिश कर दी। इससे पहले रूस ने भी जिरकॉन और ओशनिक जैसी खतरनाक हाइपरसोनिक मिसाइलों और 600 से ज्यादा ड्रोन्स से यूक्रेन को दहलाया था, जिसमें दो बच्चों समेत 20 से ज्यादा नागरिकों की मौत हो गई।