मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने गाजा में इजराइल की कार्रवाई को "स्टेट टेररिज़्म" (सरकारी आतंकवाद) कहा है, लेकिन पाकिस्तान के मामले में वही पैमाना अपनाने और भारत के इस पड़ोसी देश को आतंकवाद को बढ़ावा देने वाला देश (स्टेट स्पॉन्सर ऑफ़ टेरर) कहने से इनकार कर दिया. NDTV के विष्णु सोम के साथ एक खास इंटरव्यू में, इब्राहिम ने गाज़ा में हमास के खिलाफ़ इज़राइल की कार्रवाई की कड़ी निंदा की, लेकिन जब भारत के प्रति पाकिस्तान की आतंकवाद वाली नीति की बात आई, तो वे कुछ नहीं कह पाए. ब्रिक्स समिट के लिए भारत आए इब्राहिम ने फिलिस्तीन पर इज़राइल के कब्ज़े (जिसे उन्होंने "कॉलोनाइज़ेशन" या उपनिवेशवाद कहा) को खत्म करने की मांग की. इब्राहिम ने NDTV से कहा, "हमास तो सिर्फ़ 20 साल पुराना है. लेकिन फिलिस्तीन पर कब्ज़ा 70 साल पुराना है. मलेशिया और भारत, दोनों ही उपनिवेशवाद से वाकिफ़ हैं. हम इज़राइल द्वारा फिलिस्तीन पर कब्ज़े को मंज़ूरी नहीं दे सकते."