लखनऊ अग्निकांड: 15 मौत का जिम्मेदार कौन है? एक्शन में CM योगी | BREAKING NEWS

लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. आग की ऊंची लपटों और धुएं के गुबार के बीच जान बचाने के लिए मासूम छात्र रस्सियों और तारों के सहारे तीसरी मंजिल से नीचे कूदने को मजबूर हो गए. दिल दहला देने वाली इस घटना में 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और 9 लोग घायल हैं. केजीएमयू (KGMU) अस्पताल की रिपोर्ट के मुताबिक, ज्यादातर मौतें आग से झुलसने से नहीं बल्कि धुएं में दम घुटने से हुई हैं. हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सभी जनसभा कार्यक्रम रद्द कर दिए और सीधे ग्राउंड जीरो पर पहुंचे. सीएम योगी के कड़े रुख के बाद प्रशासन पूरी तरह से एक्शन में है.

अब तक क्या-क्या कार्रवाई हुई?

बिल्डिंग मालिक और एनिमेशन कोचिंग संचालक समेत 4 लोगों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है, और 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है.

काम में घोर लापरवाही बरतने वाले LDA, ऊर्जा विभाग और फायर विभाग के 4 बड़े अधिकारियों (ACM, FSO, AE, और JE स्तर के अफसर) को सस्पेंड कर दिया गया है.

मुख्यमंत्री ने 2 सदस्यीय उच्च स्तरीय SIT (विशेष जांच दल) का गठन किया है, जिसे 7 दिनों के भीतर अपनी पूरी रिपोर्ट सौंपनी है.

देर रात देश के रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने भी घटनास्थल का दौरा किया. उन्होंने केजीएमयू अस्पताल पहुंचकर घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया.

क्या बिना अनुमति चल रही इस कमर्शियल बिल्डिंग के गुनाहगारों को कड़ी सजा मिलेगी? बिना फायर सेफ्टी के यह सेंटर कैसे चल रहा था? इन सभी बड़े सवालों के जवाब जानने के लिए देखिए NDTV की यह विस्तृत रिपोर्ट.

संबंधित वीडियो