Haridwar Halala Case: UCC लागू होने के बाद हलाला मामले में FIR, उत्तराखंड में मचा हड़कंप

Haridwar Halala Case: उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code - UCC) लागू होने के बाद पहली बार ‘हलाला’ से जुड़ा मामला सामने आया है. हरिद्वार जिले के बुग्गावाला थाने (रुड़की क्षेत्र) में इस संबंध में केस दर्ज किया गया है, जिसे राज्य में UCC लागू होने के बाद एक बड़ा और अहम कदम माना जा रहा है. पुलिस ने यह मामला यूसीसी की धारा 32 के तहत दर्ज किया है. शिकायत एक महिला शाहीन ने दर्ज कराई है, जिन्होंने अपने पति मोहम्मद दानिश और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, शाहीन ने आरोप लगाया कि उनके साथ जबरन हलाला कराने का दबाव बनाया जा रहा था. उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने 4 अप्रैल को मामला दर्ज किया और इसकी विस्तृत जांच शुरू की गई.

जांच के दौरान करीब 11 गवाहों के बयान दर्ज किए गए. कुल 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ. UCC के अलावा अन्य प्रासंगिक धाराओं (BNS और विवाह से जुड़े कानून) में भी कार्रवाई की गई. पुलिस जांच में महिला द्वारा लगाए गए आरोपों को प्राथमिक तौर पर सही पाया गया, जिसके बाद अब आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

UCC के बाद पहली बड़ी कार्रवाई
यह मामला इसलिए भी बेहद अहम है क्योंकि उत्तराखंड में UCC लागू होने के बाद यह हलाला से जुड़ा पहला केस है. राज्य में नए कानून की सख्ती और प्रभाव सामने आया है. इस कार्रवाई को एक टेस्ट केस के तौर पर देखा जा रहा है. अब तक UCC को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे कि यह कानून जमीन पर कितना प्रभावी साबित होगा. लेकिन इस केस के बाद माना जा रहा है कि कानून को लागू करने में सरकार और प्रशासन सक्रिय है.

क्या होता है हलाला?
‘निकाह हलाला’ इस्लाम में तलाक के बाद पुनर्विवाह से जुड़ी एक प्रथा मानी जाती है. इसके तहत तलाकशुदा महिला को अपने पहले पति से दोबारा शादी करने से पहले किसी दूसरे पुरुष से शादी करनी होती है. फिर उस शादी के खत्म होने के बाद ही वह पहले पति से फिर निकाह कर सकती है. हालांकि, इसे लेकर लंबे समय से सामाजिक और कानूनी बहस होती रही है और कई मामलों में इसके दुरुपयोग के आरोप भी लगे हैं.

जांच और आगे की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, केस दर्ज होने के बाद गहराई से जांच की गई और पूरे घटनाक्रम को समझने की कोशिश की गई. सभी आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज जांच रिपोर्ट तैयार कर ली गई है. जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू हो सकती है.


क्या कहता है यह मामला?
यह केस सिर्फ एक आपराधिक मामला नहीं, बल्कि UCC के प्रभाव का पहला बड़ा उदाहरण महिलाओं के अधिकारों से जुड़ा संवेदनशील मुद्दा और सामाजिक प्रथाओं पर कानून की पकड़ का संकेत भी है. अब इस मामले पर पूरे देश की नजर है कि आगे अदालत में क्या रुख सामने आता है और यह केस किस दिशा में बढ़ता है.