Uttar Pradesh storm Deaths: UP में शहर-शहर आंधी-बारिश का कहर, सिर्फ प्रयागराज में ही 17 मौतें, कहीं पेड़ और ओले गिरे, कहीं उड़ी छत

Uttar Pradesh storm deaths: उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत में आए भीषण आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी है. इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हैं. तेज हवाओं, मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली ने प्रदेश के कई जिलों को बुरी तरह प्रभावित किया. सबसे ज्यादा असर प्रयागराज में देखने को मिला, जहां 17 लोगों की जान गई. इसके अलावा भदोही में 16, फतेहपुर में 9, बदायूं में 5, प्रतापगढ़ में 4 और चंदौली व कुशीनगर में 2-2 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. सोनभद्र में भी एक व्यक्ति की मौत दर्ज की गई है.

तूफान का खौफनाक मंजर
बुधवार देर रात आए इस तूफान ने कई इलाकों में दहशत फैला दी. तेज हवाओं की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि पेड़ ताश के पत्तों की तरह उखड़ गए और बिजली के खंभे गिर पड़े. ग्रामीण इलाकों में कच्चे मकान और टीन शेड पूरी तरह उड़ गए. बरेली से सामने आई एक घटना ने सभी को चौंका दिया. यहां एक युवक टीन शेड के साथ हवा में उड़ता दिखाई दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज हवा का झोंका इतना शक्तिशाली था कि पूरा टीन शेड जमीन से उखड़ गया और युवक उसके साथ ही कई फीट ऊपर हवा में उठ गया.

कई राज्यों में असर
इस तूफान का असर सिर्फ उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रहा. दिल्ली-NCR, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई. कई जगह पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ और बिजली आपूर्ति बाधित रही. राजस्थान के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ, वहीं छत्तीसगढ़ के कोरबा में घर पर बिजली का खंभा गिरने की घटना भी सामने आई.

सीएम योगी के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस आपदा का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर राहत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही मृतकों के परिजनों को तुरंत मुआवजा देने और नुकसान का सर्वे कराने का आदेश जारी किया गया है. सरकार ने बिजली बहाल करने और प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने के लिए भी टीमें तैनात कर दी हैं.

जनजीवन पूरी तरह प्रभावित
आंधी-तूफान के कारण कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. सड़कें बंद हो गईं, रेल यातायात प्रभावित हुआ और कई जगह लंबा जाम लग गया. सीतापुर में पेड़ गिरने से एक मासूम की मौत हो गई, जबकि उन्नाव और कानपुर में भी तेज आंधी का असर देखने को मिला. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी सतर्क रहने की सलाह दी है.