आम आदमी पार्टी (AAP) ने गुरुवार को आरोप लगाया कि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) के आवास पर ‘‘भाजपा के गुंडों ने हमला'' किया. हालांकि दिल्ली भाजपा (BJP) ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उसने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया था. इससे पहले, भाजपा कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल सरकार से बकाए के भुगतान की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना दे रहे पार्टी शासित नगर निगमों के नेताओं एवं महापौरों की हत्या करने के कथित षड्यंत्र को लेकर सिसोदिया के आवास के निकट प्रदर्शन किया था.