धर्मनगरी हरिद्वार से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां गंगा नहर में कथित तौर पर चिकन बिरयानी फेंके जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों, साधु-संतों और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है.
वायरल वीडियो को हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र, जटवाड़ा पुल के पास का बताया जा रहा है. वीडियो में दावा किया गया है कि कुछ लोग मोटरसाइकिल पर नीले ड्रम में भरी चिकन बिरयानी लेकर आए और उसे गंगा नहर में फेंकने लगे. मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और इस दौरान तीखी नोकझोंक, गाली-गलौज और हाथापाई भी हुई.
वीडियो में एक व्यक्ति आरोप लगाते हुए कहता दिखाई दे रहा है कि आरोपियों ने गंगा में बिरयानी के चावल फेंके और उन्हें रंगे हाथों पकड़ा गया. साथ ही वाहन का नंबर दिखाकर पहचान उजागर करने की भी कोशिश की गई. हालांकि इस वीडियो की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
इस घटना के सामने आने के बाद साधु-संतों और हिंदूवादी संगठनों ने इसे आस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उनका कहना है कि गंगा में इस तरह की चीजें फेंकना न सिर्फ आस्था का अपमान है बल्कि यह एक साजिश भी हो सकती है. उन्होंने दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की.