Nainital Car Accident: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. भवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत भवाली गाँव बाईपास पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें दो पुरुष, दो महिलाएं और एक मासूम बच्चा शामिल है.
जानकारी के अनुसार, सभी मृतक उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और SSB की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से निकालकर सड़क तक लाया गया.
आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना भवाली से सैनिटोरियम होते हुए रातीघाट जाने वाले बाईपास मार्ग पर हुई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन (महिंद्रा की गाड़ी) में कुल पांच लोग सवार थे. दुर्घटना के बाद दो लोग गाड़ी के अंदर बुरी तरह फंसे हुए थे, जिन्हें कटर की मदद से निकाला गया, जबकि बाकी तीन लोग वाहन से बाहर गिरे हुए मिले.
हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि वाहन तेज रफ्तार या नियंत्रण खोने की वजह से खाई में गिरा होगा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
इस दुखद घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरी संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मृतकों के शव जल्द से जल्द उनके परिजनों तक सुरक्षित पहुंचाए जाएं और हर संभव सहायता प्रदान की जाए.
गौरतलब है कि पहाड़ी क्षेत्रों में इस तरह की दुर्घटनाएं अक्सर सड़क की स्थिति, मोड़ों की तीव्रता और मौसम की वजह से सामने आती रहती हैं. एक बार फिर इस हादसे ने पर्वतीय मार्गों पर सावधानी की आवश्यकता को रेखांकित कर दिया है.