पहाड़ से मैदान तक आसमानी आफत बरस रही है. देश के 5 राज्यों- जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार में हालात बेहद खराब नजर आ रहे हैं. कहीं उफनती नदियां, कहीं बस्तियां जलमग्न और कहीं जिंदगी बचाने की जद्दोजहद चल रही है. जम्मू-कश्मीर के राजौरी में भारी बारिश से जम्मू-राजौरी-पुंछ नेशनल हाईवे पानी में डूब गया है. पप्पीर इलाके में ट्रैफिक ठप हो गया है. जमौला और खंडली नदियों का जलस्तर बढ़ने से 8 लोग फंस गए, जिन्हें SDRF और पुलिस ने घंटों के रेस्क्यू के बाद सुरक्षित निकाला. रामबन में उफनती चेनाब में 19 साल का युवक बह गया, तलाश जारी है. उत्तराखंड में चमोली, खटीमा और नैनीताल में नदियों का रौद्र रूप है. चमोली में अलकनंदा और पिंडर उफान पर हैं, कई सड़कें बंद, किनारे बसे लोगों में दहशत है. खटीमा में जलभराव से हालात खराब, डीएम और SDRF ने 26 लोगों को रेस्क्यू कर प्राथमिक विद्यालय बनगवा में शिफ्ट किया. नैनीताल के कैंची धाम की शांत शिप्रा नदी में बवंडर जैसा उफान है. मौसम विभाग ने पहले ही इन पहाड़ी राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया था और अगले कुछ दिन ऐसे ही हालात बने रहने की चेतावनी दी है. प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है.