भारत BRICS Summit 2026 की मेजबानी कर रहा है. दुनिया के दो सबसे शक्तिशाली और सबसे अधिक चर्चा में रहने वाले नेता, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिल्ली पहुंचे हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि ये नेता सिर्फ एयरपोर्ट पर उतरकर किसी आम कार में नहीं बैठते? इनके साथ चलता है एक ऐसा सुरक्षा कवच, जिसे दुनिया की सबसे मजबूत सुरक्षा व्यवस्थाओं में गिना जाता है. सबसे पहले बात चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की. विदेश यात्राओं के दौरान वह अक्सर अपनी आधिकारिक स्टेट कार Hongqi L5 या उसके विशेष संस्करण N701 का इस्तेमाल करते हैं. "होंगची" का अर्थ है "लाल झंडा" और यह चीन की राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक माना जाता है. करीब 3,150 किलोग्राम वजनी और 5.5 मीटर लंबी यह लिमोजिन सिर्फ लग्जरी कार नहीं, बल्कि एक चलती-फिरती सुरक्षा ढाल है. इसमें उन्नत बुलेटप्रूफ सुरक्षा, मोटे आर्मर्ड ग्लास, रासायनिक और जैविक हमलों से बचाने के लिए विशेष एयर फिल्ट्रेशन सिस्टम, 360 डिग्री कैमरे और ऑल-व्हील ड्राइव जैसी तकनीकें मौजूद हैं. अब बात रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की, जिनकी सुरक्षा व्यवस्था को दुनिया की सबसे मजबूत व्यवस्थाओं में से एक माना जाता है. यूक्रेन युद्ध के बाद उनकी सुरक्षा और भी कड़ी कर दी गई है. पुतिन की सुरक्षा का जिम्मा रूस की फेडरल प्रोटेक्टिव सर्विस संभालती है. हजारों सुरक्षा कर्मियों और विशेष एजेंटों का यह नेटवर्क हर समय उनकी सुरक्षा में तैनात रहता है. सार्वजनिक कार्यक्रमों में विशेष कमांडो यूनिट भी सुरक्षा घेरे का हिस्सा होती है.