फुटबॉल मैदान में उतरे BJP अध्यक्ष नितिन नवीन, युवाओं को साधने की नई रणनीति

  • 2:42
  • प्रकाशित: सितम्बर 10, 2026

उत्तराखंड के हल्द्वानी में राजनीति का एक अलग ही रंग देखने को मिला, जहां बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंच या बैठक कक्ष में नहीं, बल्कि फुटबॉल मैदान में युवाओं के बीच नजर आए. 2027 के चुनावी मुकाबले से पहले बीजेपी ने युवाओं को जोड़ने के लिए सियासी पिच पर नई रणनीति के साथ अभ्यास शुरू कर दिया है. हल्द्वानी की इन तस्वीरों में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बीच समय निकालकर फुटबॉल मैदान पहुंचे और स्थानीय युवाओं के साथ खेलते नजर आए. इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी और कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत भी मैदान में उतरे. दरअसल, 2027 के चुनाव से पहले राजनीतिक दलों का फोकस तेजी से युवा मतदाताओं पर बढ़ रहा है. यही वह वर्ग है जो सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा सक्रिय है और आने वाले चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकता है. ऐसे में फुटबॉल मैदान में पहुंचकर नितिन नवीन ने सिर्फ खेल नहीं खेला, बल्कि युवाओं से सीधे जुड़ने का संदेश भी दिया. खेल के बाद उन्होंने युवाओं से बातचीत की, उनकी राय जानी और उनका उत्साह बढ़ाया. साफ है कि 2027 की सियासत में सिर्फ भाषण और रैलियां ही नहीं, बल्कि युवाओं के साथ सीधा संवाद और कनेक्ट भी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बनने जा रहा है. बीजेपी इसी युवा पिच पर अपना खेल मजबूत करती नजर आ रही है.

संबंधित वीडियो