असम में इस वक्त बाढ़ ने भयावह रूप ले लिया है. राज्य के 11 जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं, जहां 6.5 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ की चपेट में हैं. अब तक 41 लोगों की मौत हो चुकी है और 700 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है. लेकिन लगातार बारिश के कारण स्थिति हर घंटे खराब होती जा रही है. गुवाहाटी समेत कई इलाके पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं. सड़कों पर पानी का कब्जा है और ट्रैफिक जाम के साथ सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है. ब्रह्मपुत्र नदी भी उफान पर है. भारी बारिश के कारण नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. निचले इलाकों में पानी भरने से हालात बेकाबू हो चले हैं. मौसम विभाग के मुताबिक मूसलाधार बारिश लगातार जारी है, जिसकी वजह से नदी का जलस्तर कम होने का नाम नहीं ले रहा. प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है, लेकिन जलभराव और तेज बहाव की वजह से कई इलाकों तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है. कुल मिलाकर असम में बाढ़ ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. सड़क, घर और खेत सब पानी में डूबे हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है.