दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शाहीन बाग में CAA के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर BJP के हमले पर पलटवार करते हुए सोमवार को केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी पर 'गंदी राजनीति' करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह और दूसरे मंत्रियों को शाहीन बाग जाना चाहिए और लोगों से बातचीत कर रास्ता खुलवाना चाहिए. अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'मुझे बेहद दुख है कि जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी इस मुद्दे पर गंदी राजनीति कर रही है. वहां पर शाहीन बाग में रास्ता बंद है, उस बंद रास्ते की वजह से बहुत सारे लोगों को तकलीफ हो रही है, स्कूल के बच्चों को तकलीफ हो रही है, एंबुलेंस के जाने में तकलीफ हो रही है, जो आधा घंटे या 40 मिनट का रास्ता होता था, उसमें लोगों को ढाई से तीन घंटे लग रहे हैं. मैं इस बारे में कई बार कह चुका हूं कि इस देश के अंदर संविधान के तहत हर किसी को विरोध प्रदर्शन का अधिकार है लेकिन उस विरोध प्रदर्शन की वजह से आम जनता को तकलीफ नहीं होनी चाहिए.'