बिहार में नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में हालिया पुलिस कार्रवाई के खिलाफ बुधवार को यहां मार्च निकाल रहे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया गया. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा के अनुसार, यादव को आयकर चौराहे के पास से पुलिस वाहन में ले जाया गया. पुलिस वाहन में बैठाए जाने के दौरान यादव ने आरोप लगाया, 'सरकार विद्यार्थियों के भविष्य को अंधकार में धकेल रही है. परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लगातार लीक हो रहे हैं.'
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यादव के नेतृत्व में राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिन में यहां जेपी गोलंबर से लोक भवन के लिए विरोध मार्च निकाला. मार्च के रास्ते में लगाए गए बैरिकेड को पार करने की कोशिश कर रहे राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने पानी की बौछार भी की. इस दौरान यादव भी मौजूद थे.