Abhishek Banerjee notice: फंस गए अभिषेक बनर्जी? प्रॉपर्टीज को लेकर क्यों मिल गया नोटिस

Abhishek Banerjee Receives KMC Notice: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक और बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी को कोलकाता म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (KMC) ने नोटिस जारी किया है. इस नोटिस में उनसे उनकी संपत्तियों का पूरा ब्यौरा देने को कहा गया है.

जानकारी के मुताबिक, यह नोटिस KMC एक्ट की धारा 401 के तहत जारी किया गया है. इसमें खास तौर पर कोलकाता के कालीघाट और हरीश मुखर्जी रोड स्थित दो संपत्तियों को लेकर सवाल उठाए गए हैं.

नगर निगम ने इन दोनों संपत्तियों के बिल्डिंग प्लान, निर्माण की मंजूरी और नियमों के पालन से जुड़ी जानकारी मांगी है. आरोप है कि इन संपत्तियों के निर्माण में कहीं न कहीं नियमों का उल्लंघन हुआ हो सकता है, जिसकी जांच की जा रही है.

सूत्रों के अनुसार, निगम यह भी देखना चाहता है कि कहीं निर्माण के दौरान नक्शे में बदलाव या अवैध निर्माण तो नहीं किया गया. इस नोटिस की टाइमिंग को लेकर भी सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई है. दरअसल, यह नोटिस उस समय सामने आया है जब राज्य में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप अपने चरम पर हैं.

पश्चिम बंगाल के नेता विपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने हाल ही में अभिषेक बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने दावा किया था कि अभिषेक के पास करीब 24 संपत्तियां हैं और इनकी जांच होनी चाहिए.
सुवेंदु अधिकारी ने TMC नेताओं पर सार्वजनिक धन के दुरुपयोग और अवैध संपत्ति इकट्ठा करने के आरोप भी लगाए हैं.

हालांकि, इस मामले में अभी तक अभिषेक बनर्जी की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि KMC का यह नोटिस आने वाले दिनों में बंगाल की राजनीति को और गरमा सकता है. अब सबकी नजर इस पर है कि अभिषेक बनर्जी नोटिस का क्या जवाब देते हैं और क्या यह मामला आगे किसी बड़ी जांच में तब्दील होता है.