ईरान-अमेरिका में जारी युद्ध और तनाव के बीच ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ने मुस्तबा खामेनेई (Mojtaba Khamenei) का एक नया वीडियो जारी किया है, जिसमें वे पूरी तरह स्वस्थ और बातचीत करते नजर आ रहे हैं. सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन और हाल ही में हुए हमलों के बाद मुस्तबा खामेनेई की सेहत, सुरक्षा और उनके ठिकाने को लेकर दुनिया भर में कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे. अफवाहें थीं कि हमलों के दौरान मुस्तबा खामेनेई भी गंभीर रूप से चोटिल या हताहत हो गए हैं. इन सभी अटकलों और अफवाहों पर विराम लगाने के लिए ईरानी एजेंसी ने यह वीडियो जारी किया है, जिसमें मुस्तबा लोगों से सामान्य रूप से मिलते और बात करते दिख रहे हैं. हालांकि, इस वीडियो की असल तारीख अभी साफ नहीं की गई है, लेकिन अयातुल्ला खामेनेई के निधन के बाद उपजे नेतृत्व के संकट और युद्ध की स्थिति के बीच मुस्तबा खामेनेई का यह पहला वीडियो सामने आना बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.