रुद्रप्रयाग सड़क हादसा: 5 लोगों के लिए फरिश्ता बनी SDRF, 60 मीटर गहरी खाई से किया रेस्क्यू

कार सड़क से लगभग 50-60 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई और नदी किनारे फंस गई. रेस्क्यू टीम ने समय रहते साहसिक कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Rudraprayag Road Accident: रुद्रप्रयाग में भीषण सड़क हादसा हो गया. तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के समीप श्रद्धालुओं की SUV अनियंत्रित होकर लगभग 50 से 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. वाहन में सवार पांच लोग मौत और जिंदगी के बीच संघर्ष कर रहे थे. खाई की गहराई, दुर्गम भू-भाग और गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए किसी बड़े अनिष्ट की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन संकट की इस घड़ी में SDRF देवदूत बनकर सामने आई और साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी पांच घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. सभी श्रद्धालु केदारनाथ जा रहे थे.

सैकड़ों फीट नीचे क्षतिग्रस्त था वाहन

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह लगभग 5:10 बजे रुद्रप्रयाग स्थित तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के पास हुआ. वहीं हादसे की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही अगस्त्यमुनि से उप निरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम अत्याधुनिक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई. जब टीम मौके पर पहुंची तो सामने का दृश्य बेहद भयावह था. वाहन संख्या UP16-DK-0856 (SUV 700) सड़क से सैकड़ों फीट नीचे नदी किनारे क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ा हुआ था. वाहन के शीशे टूट चुके थे और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल होकर सहायता की प्रतीक्षा कर रहे थे. खाई इतनी गहरी और रास्ता इतना जोखिम भरा था कि नीचे तक पहुंचना ही किसी चुनौती से कम नहीं था.

SDRF ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन

हालात की गंभीरता को देखते हुए SDRF ने जिला पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से तत्काल संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया. जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू कर्मी रस्सियों के सहारे खड़ी ढलानों से नीचे उतरे. तेज ढलान, फिसलन भरे पत्थर और नदी किनारे की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच टीम ने असाधारण साहस और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए सभी घायलों तक पहुंच बनाई.

रस्सियों के सहारे घायलों को खाई से बाहर निकाला गया

इसके बाद एक-एक कर घायलों को स्ट्रेचर और रस्सियों की सहायता से खाई से बाहर निकाला गया. कई घंटों तक चले इस कठिन अभियान के दौरान SDRF जवानों ने मानवीय संवेदनाओं और कर्तव्यनिष्ठा का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया. बाहर निकालने के बाद घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया और तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया, जिससे उन्हें समय रहते चिकित्सीय सहायता मिल सकी.

Advertisement

SUV में 5 लोग ते सवार 

हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान झारखंड के पलामू निवासी प्रिंस सिंह (30 वर्ष), पश्चिम बंगाल निवासी सभीमा सिंह (28 वर्ष), जलपाईगुड़ी निवासी सुजोन मुखर्जी (27 वर्ष) और ऋजा मुखर्जी (30 वर्ष), उत्तर प्रदेश के औरैया निवासी वाहन चालक प्रदीप कुमार (35 वर्ष) के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि राहत एवं बचाव दल कुछ देर और पहुंचता तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी. SDRF की त्वरित प्रतिक्रिया, सटीक रणनीति और साहसिक कार्रवाई ने पांच परिवारों की खुशियां उजड़ने से बचा लीं.

(रुद्रप्रयाग से रोहित डिमरी की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें: प्रकृति का अजूबा है ये टिटहरी पक्षी! मानसून से पहले दे देता है जानकारी, इस बार दिए औसत बारिश के संकेत 

Advertisement

ये भी पढ़ें: यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा 8 से: पेपर लीक नेटवर्क और सॉल्वर गैंग पर नजर; कानपुर में 54 केंद्रों पर 1.17 लाख अभ्यर्थी देंगे एग्जाम

Featured Video Of The Day
Hormuz में छिड़ा ड्रोन युद्ध! क्या फिर शुरू होने वाला है महायुद्ध?
Topics mentioned in this article