केदारनाथ यात्रा की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, मौसम साफ होते ही व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटा प्रशासन 

केदारनाथ यात्रा 2026 को लेकर तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है. मौसम साफ होते ही प्रशासन और बद्रीनाथ‑केदारनाथ मंदिर समिति ने धाम में व्यवस्थाएं दुरुस्त करना शुरू कर दिया है. पेयजल, बिजली और बर्फ हटाने का कार्य तेजी से चल रहा है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Kedarnath Yatra 2026 Update: मौसम की मेहरबानी मिलते ही केदारनाथ धाम की यात्रा तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है. पिछले दो दिनों से मौसम साफ रहने के चलते प्रशासन और बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) पूरी तरह सक्रिय हो गई है. कपाट खुलने से पहले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए धाम में व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है. हर स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप देने का काम तेजी से चल रहा है.

रुद्रप्रयाग से रोहित डिमरी की रिपोर्ट...

धाम में डेरा डाले है बीकेटीसी का एडवांस दल

केदारनाथ धाम में बीकेटीसी का एडवांस दल पहले से ही मौजूद है. यह टीम पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुचारू करने में जुटी हुई है. बर्फबारी के बाद जो व्यवस्थाएं प्रभावित हुई थीं, उन्हें बहाल करने का काम लगातार किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो.

बर्फ हटाने का काम लगातार जारी

बीकेटीसी के सदस्य विनीत पोस्ती ने बताया कि धाम में बर्फ हटाने का कार्य लगातार किया जा रहा है. आईटीबीपी के जवानों के सहयोग से मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों से बर्फ साफ की जा रही है. जैसे ही मौसम खुला, तैयारियों में तेजी लाई गई है. पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं को जल्द से जल्द पूरी तरह दुरुस्त करने पर जोर दिया जा रहा है.

कपाट खुलने से पहले व्यवस्थाएं पूरी करने का लक्ष्य

विनीत पोस्ती ने कहा कि प्रयास यही है कि केदारनाथ धाम के कपाट खुलने से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं. श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए हर विभाग समन्वय के साथ काम कर रहा है.

Advertisement

थारू ग्लेशियर से बाधित रास्ता किया गया साफ

इधर, गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर भी हालात सुधरने लगे हैं. बीते शुक्रवार को लिनचोली के पास थारू ग्लेशियर टूटने से भारी मात्रा में बर्फ और मलबा रास्ते पर आ गया था. इससे करीब 100 मीटर पैदल मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था. मजदूरों की टीम ने कड़ी मेहनत करके बर्फ हटाई और रास्ते को फिर से आवाजाही लायक बना दिया है.

ग्लेशियर बने चुनौती, मजदूर कर रहे कड़ी मेहनत

केदारनाथ पैदल मार्ग पर भारी बर्फबारी के कारण बड़े-बड़े ग्लेशियर चुनौती बनकर खड़े हैं. इन कठिन हालातों के बीच मजदूरों की टीम लगातार काम कर रही है. जोखिम भरे हालात के बावजूद रास्ता तैयार किया जा रहा है, ताकि यात्रा शुरू होने पर श्रद्धालु सुरक्षित रूप से धाम तक पहुंच सकें.

Advertisement
Featured Video Of The Day
Iran Israel War: JD Vance अमेरिका और ईरान में समझौता करा पाएंगे? Iran US Ceasefire | Pakistan |Trump