बुर्के में नशे का खेल, 36 लाख की स्मैक के साथ पकड़ी गई महिला तस्कर जोया 

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
Haldwani Woman Drug Smuggler: पुलिस गिरफ्त में आरोपी जोया खान

उत्तराखंड के हल्द्वानी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने बनभूलपुरा क्षेत्र से एक बुर्काधारी महिला तस्कर जोया खान को गिरफ्तार किया है. उसके उसके कब्जे से 132 ग्राम स्मैक बरामद की है. जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 36 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है.

पुलिस के अनुसार, 27 मार्च को हल्द्वानी के एफटीआई गेट के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान एक संदिग्ध महिला को रोका गया. तलाशी लेने पर उसके पास से स्मैक बरामद हुई. आरोपी की पहचान गौजाजाली, बनभूलपुरा निवासी जोया खान के रूप में हुई, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया.

आरोपी तस्कर पर धोखाधड़ी का भी केस  

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है, उस पर धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं. पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है. एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि जिले में नशा तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने पुलिस टीम को 2000 रुपये के नकद इनाम से भी पुरस्कृत किया.

तीन महीने 18 तस्कर गिरफ्तार

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बीते तीन महीनों में 18 तस्करों को गिरफ्तार कर 2 करोड़ 66 लाख रुपये से अधिक की स्मैक बरामद की जा चुकी है. पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ गिरफ्तारी के साथ-साथ उनकी अवैध संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई भी लगातार की जा रही है. पुलिस का प्रयास है कि नशे के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जाए.  

Advertisement

(हल्द्वानी से हर्ष रावत की रिपोर्ट)

Featured Video Of The Day
Yogi Cabinet Expansion 2026: योगी कैबिनेट विस्तार पर बहस, भिड़ गए BJP-कांग्रेस प्रवक्ता!| UP | NDTV