उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 2026 के लिए प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. तीन दिनों में करीब 32,679 पदों के लिए 28 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देने जा रहे हैं. इस लिहाज से एक पद के लिए लगभग 85 परीक्षार्थी दौड़ में हैं. परीक्षा केंद्रों को पूरी तरह अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है. 08 जून से शुरू हो रही इस महापरीक्षा को लेकर कानपुर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह 'हाई अलर्ट' मोड पर है. अकेले कानपुर के 56 केंद्रों पर 1,17,000 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनकी परीक्षा दो पालियों (शिफ्टों) में आयोजित की जाएगी.
रविवार देर शाम कानपुर में पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के कड़े निर्देशों और अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा के सीधे पर्यवेक्षण में पूरे क्षेत्र को छावनी में बदल दिया गया. परीक्षा की पूर्व संध्या पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सभी प्रभारी निरीक्षक, थाना प्रभारी, स्थानीय पुलिस बल और पीएसी (PAC) के जवानों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सड़कों पर उतरे. परीक्षा केंद्रों और उनके आसपास के संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया.
3 दिनों में 6 पालियों में होगी परीक्षा
उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को आयोजित की जाएगी. तीन दिनों के भीतर कुल 6 पालियों में यह परीक्षा संपन्न होगी. प्रदेश के सभी परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है, जिनकी लाइव निगरानी सीधे पुलिस भर्ती बोर्ड कर रहा है. संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोका जा सके. कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि परीक्षा में शुचिता से समझौता नहीं किया जाएगा और गड़बड़ी करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा.
यह भी पढ़ें- एक परिवार में पांच IPS: दादा को देख 2 पोती भी बनीं आईपीएस, मिनी शुक्ला को भोपाल की कमान