उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक लैब टेक्नीशियन और शिक्षिका की प्रेम कहानी इन दिनों सुर्खियों में है, जिसका दर्दनाक अंत बेहद चौंकाने वाला रहा. दोनों के बीच पिछले करीब चार वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. अब संदिग्ध परिस्थितियों में दोनों की मौत का मामला सामने आया है. सहारनपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित एसबीआई कॉलोनी के एक किराये के कमरे से बुधवार देर रात दोनों के शव बरामद किए गए.
अस्पताल से शुरू हुई थी चार साल पुरानी प्रेम कहानी
सहारनपुर के एएसपी मनोज यादव के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक सैम कमनिश (40) मूल रूप से केरल का रहने वाला था. वह पिछले 10 वर्षों से सहारनपुर के मेडीग्राम अस्पताल में बतौर लैब टेक्नीशियन कार्यरत था. वहीं, 23 वर्षीय मृतका आस्था गागलहेड़ी क्षेत्र की निवासी थी और एक निजी इंटर कॉलेज में शिक्षिका थी. करीब चार वर्ष पहले आस्था की मां के इलाज के दौरान मेडीग्राम अस्पताल में दोनों की पहली मुलाकात हुई थी. धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई.
शादीशुदा था युवक, लड़की के परिजन थे रिश्ते के खिलाफ
जांच में यह बात भी सामने आई है कि सैम पहले से शादीशुदा था, लेकिन उसकी पत्नी कई वर्ष पहले दिल्ली जाकर नौकरी करने लगी थी. इधर, आस्था के परिजन इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे. उम्र का फासला और सैम का पहले से शादीशुदा होना, इस विरोध की मुख्य वजह माना जा रहा है. शुरुआती पुलिस जांच में आशंका जताई जा रही है कि इसी पारिवारिक असहमति के चलते दोनों ने आत्मघाती कदम उठाया.
कॉलेज जाने के लिए निकली थी शिक्षिका, सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
बुधवार सुबह आस्था रोजाना की तरह घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी, लेकिन वह वहां नहीं पहुंची. शाम तक जब वह घर नहीं लौटी, तो चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और स्थानीय पुलिस को सूचना दी. आस्था के पिता ने सैम पर शक जाहिर किया, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की. अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर दोनों एक कार से जाते हुए दिखाई दिए. पुलिस ने कार चालक का पता लगाया और उसकी मदद से रात में सैम के किराये के कमरे तक पहुंची.
कमरे का दरवाजा तोड़ा तो दंग रह गई पुलिस
जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा खौफनाक था. सैम का शव फंदे से लटका हुआ था और उसके हाथ की नस भी कटी हुई थी. वहीं, आस्था का शव फर्श पर पड़ा था और उसके मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसने कोई जहरीला पदार्थ खाया था.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, सभी पहलुओं पर जांच जारी
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी. फिलहाल, आस्था का शव कानूनी कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि सैम के परिजनों के केरल से सहारनपुर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है.
सहारनपुर से अशोक कुमार की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें- IAS मेधा रूपम DM नोएडा के खिलाफ जमानती वारंट, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने क्यों उठाया यह सख्त कदम?
यह भी पढ़ें- IPS की कुर्सी पर बैठ 'सिंघम' बनी दरोगा की बहू! ससुर की रिटायरमेंट पार्टी में बनाई REEL तो औरैया SP ने लिया एक्शन