- उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में यमुना नदी में नाव पलटने से नौ लोग डूब गए थे, जिसमें छह लापता हैं
- नाव में सवार तीन लोग सुरक्षित बाहर निकाले गए, जबकि एक महिला और पांच बच्चे अभी भी खोजे जा रहे हैं
- पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें बचाव कार्य में लगी हैं, और खोज अभियान जारी है
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बधवार शाम यमुना नदी में अचानक नाव पलटने से उसमें सवार 9 लोग डूब गए. 3 लोग तो कुछ देर बाद ही सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे लेकिन 6 लोग लापता थे. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने गोताखोरों की मदद से रातभर लापता लोगों की तलाश शुरू की. एक महिला समेत 5 मासूम बच्चे भी लापता थे. अब महिला का शव भी बरामद कर लिया गया है. बच्चे अभी भी लापता हैं. उनकी तलाश की जा रही है.
अनियंत्रित होकर यमुना में डूबी नाव
मामला हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र के कुतुपुर का है. यहां रहने वाले देशराज निषाद के घर में शादी थी. बुधवार शाम वह अपने रिश्तेदारों के साथ यमुना के दूसरी पार गए थे. वापस आते समय नाव अनियंत्रित होकर डूब गई. इस हादसे से मौके पर अफरातफरी मच गई. देखते ही देखते घटना स्थल पर डीआईजी समेत पूरा जिला प्रशासन पहुंच गया. बीजेपी सदर विधायक मनोज प्रजापति ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया.
बीजेपी विधायक मनोज प्रजापति ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है.एसडीआरएफ की 3 टीमें तैनात की गई हैं. सरकार नियमों के मुताबिक कार्रवाई करेगी और पूरी रिपोर्ट मुख्यमंत्री के साथ साझा की जाएगी.
इस दुखद हादसे पर DM अभिषेक गोयल ने कहा कि घाटमपुर से 9 लोगों को लेकर जा रही एक नाव यमुना नदी में पलट गई. खबर मिलते ही, स्थानीय ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे. 3 लोगों को तुरंत बचा लिया गया, लेकिन बाकी लोग अभी भी लापता हैं. NDRF, SDRF और बाढ़ राहत इकाइयों समेत बचाव दल बचाव अभियान में जुटे हैं.
यमुना में कैसे डूबी नाव?
वहीं हादसे में बचकर बाहर निकले नाविक ने बताया कि नाव पलटी नहीं, बल्कि अपने आप ही पानी में डूब गई. जिन लोगों को तैरना आता था, वे तो बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि लापता लोगों की तलाश अभी भी जारी है. बता दें कि बचाव अभियान पूरी रात जारी रहा
1 महिला का शव मिला, 5 बच्चे लापता
DIG बांदा डिवीज़न राजेश यश ने बताया कि गांव में लोग रोज नाव से नदी पार करते हैं. बुधवार शाम करीब 8:30 बजे नाव डूबने की सूचना मिली. नाव में कुल 9 लोग सवार थे. 3 लोग सुरक्षित तैरकर आ गए, 6 लापता थे. बता दें कि अब डूबी हुई महिला काशव मिल गया है. 5 बच्चे लापता हैं जिनकी उम्र 5 से 15 के बीच है.
इनपुट- रविंद्र














