उत्तर प्रदेश के आतंक विरोधी दस्ता (ATS) और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के स्लीपर सेल से जुड़े चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. यह देश में आतंकी घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे. आरोपी संवेदनशील इलाकों की रेकी कर पाकिस्तानी हैंडलर को जानकारी भेज रहे थे. एटीएस ने चारों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है. पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट भारत के युवाओं को अपने आतंकी नेटवर्क से जोड़ने में जुटे हैं.
शहजाद भट्टी के स्लीपर सेल से जुड़े आरोपियों की पहचान सहारनपुर के महकाब और शाहरुख, मुजफ्फरनगर के गगनदीप सिंह उर्फ गुरी सिंह व हरिद्वार के मुशर्रफ के रूप में हुई है.
अन्य युवाओं को भी जोड़ रहे थे आरोपी
आरोपी सोशल मीडिया और वीडियो कॉलिंग के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़े थे. आरोपियों ने संवेदनशील स्थलों, अस्पतालों, अहम ठिकानों की रेकी कर हैंडलर को जानकारी भेजी थी. एटीएस को यह भी पता चला है कि आरोपी युवाओं को आतंकी और स्लीपर सेल नेटवर्क से भी जोड़ रहे थे. आतंकी वारदातों को अंजाम देने की साजिश रचने के भी सबूत मिले हैं.
नोएडा में असलहा जुटाने को की मुलाकात
जांच में यह भी पता चला है कि महकाब और गगनदीप मार्च में नोएडा में मिले थे, जिसकी वजह आतंकी वारदात के लिए असलहे जुटाना थी. मामले में लखनऊ के एटीएस थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपियों को जल्द कस्टडी रिमांड में लिया जाएगा. साथ ही उनसे यह भी पता किया जाएगा कि वह कब जुड़े और क्या-क्या जानकारी पाकिस्तानी गैंगस्टर को भेज चुके हैं. इस स्लीपर सेल से और कौन लोग जुड़े थे.
ये भी पढ़ें- ट्विशा शर्मा मामला: पूर्व जज गिरिबाला सिंह पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार, MP हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत रद्द














