- एनआईए कोर्ट ने यूपी में अलकायदा मॉड्यूल से जुड़े तीन आतंकियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है.
- मिन्हाज, मसरुद्दीन और तौहीद को 2021 में कुकर बम और विस्फोटक के साथ गिरफ्तार किया गया था.
- तीनों आतंकियों ने 15 अगस्त 2021 को यूपी में सीरियल ब्लास्ट की योजना बनाई थी.
यूपी को दहलाने की साजिश रचने वाले अलकायदा मॉड्यूल के तीन आतंकियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है. सोमवार का NIA कोर्ट ने यह फैसला सुनाया. उम्रकैद की सजा वाले तीनों आतंकी अलकायदा के मॉड्यूल अंसार गज़वात उल हिंद से जुड़े थे. इन्हें कुकर बम के साथ पकड़ा गया था. सोमवार को यूपी की NIA ATS स्पेशल कोर्ट ने मिन्हाज, मसरुद्दीन और तौहीद नामक इन तीनों आतंकियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है.
2021 में हुई थी तीनों की गिरफ्तारी
मालूम हो कि 11 जुलाई 2021 को ATS ने दुबग्गा से मिन्हाज को गिरफ्तार किया था. मिन्हाज की निशानदेही पर मसरुद्दीन और तौहीद की गिरफ्तारी हुई थी. मिन्हाज के घर से कुकर बम बरामद हुआ था. जबकि मसरुद्दीन और तौहीद के घर से भी विस्फोटक और पिस्टल बरामद हुई थी.
15 अगस्त को यूपी में सीरियल ब्लास्ट की रची थी साजिश
जांच के दौरान पता चला कि ये तीनों 15 अगस्त 2021 को यूपी में सीरियल ब्लास्ट की तैयारी कर चुके थे. मानव बम के जरिए भी तबाही मचाने की तैयारी थी. जांच के दौरान यह भी पता चला कि तीनों अलकायदा के हैंडलर उमर हलमंडी के इशारे पर काम कर रहे थे.
राम मंदिर पर फैसला आने के बाद से अपने मंसूबों में जुटे में आतंकी
जांच के दौरान यह भी पता चला था कि राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद से अलकायदा से जुड़े आतंकी यूपी और देश में सीरियल ब्लास्ट की साजिश कर रहे थे. ये तीनों भी उसमें शामिल थे. अलकायदा इंडियन सब कॉन्टिनेंट के लिए उमर हलमंडी आतंकियों की भर्ती कर रहा था. अब एनआईए कोर्ट ने गिरफ्तार तीनों आतंकियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है.
यह भी पढ़ें - उत्तर प्रदेश में 5 रोहिंग्या और 3 बांग्लादेशियों समेत 9 लोगों को 8 साल की जेल की सजा













