पति-पत्नी दोनों सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, लखनऊ में फंदे से लटकी मिली नवविवाहिता, परिजन बोले- दहेज के लिए मार दिया

मानसी की शादी 9 दिसंबर 2024 को लखनऊ के सआदतगंज निवासी सागर राजपूत से हुई थी. सागर राजपूत खुद एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर है, जिसके इंस्टाग्राम पर करीब 7.93 लाख फॉलोअर्स हैं. मृतका भी सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती थी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
लखनऊ की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नवविवाहिता मानसी की उसके पति के साथ तस्वीर.
लखनऊ:

भोपाल की मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत का मामला बीते कुछ दिनों से सुर्खियों में है. इस बीच अलग-अलग शहरों से दहेज और ससुराल में उत्पीड़न के कारण नवविवाहिताओं की मौत के भी मामले सामने आए हैं. बीते दिनों लखनऊ से श्वेता सिंह नामक नवविवाहिता की मौत का सामने आया था. अब फिर लखनऊ से एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नवविवाहिता मानसी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. घटना सआदतगंज इलाके की है, जहां युवती का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल वालों पर कार की मांग को लेकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. 

कानपुर की मानसी का लखनऊ के सागर राजपूत से हुई थी शादी

कानपुर के टीपी नगर बगाही निवासी सुनील कुमार वर्मा ने अपनी भतीजी की शादी 9 दिसंबर 2024 को लखनऊ के सआदतगंज निवासी सागर राजपूत से की थी. सागर राजपूत खुद एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर है, जिसके इंस्टाग्राम पर करीब 7.93 लाख फॉलोअर्स हैं. 

मृतका भी सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती थी. परिजनों का कहना है कि शादी में अपनी हैसियत के मुताबिक करीब 7 लाख रुपये कैश, तिलक और बाकी घरेलू सामान दिया गया था, लेकिन ससुराल वाले इससे खुश नहीं थे.

पति, ससुर, सास सहित कई पर दहेज मामले का केस

मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही विवाहिता को कम दहेज लाने के ताने दिए जा रहे थे. पति सागर, ससुर राजेश, ननदोई अनु, ननद बरखा व चांदनी और बुआ सास आशा लगातार अतिरिक्त दहेज में कार की डिमांड कर रहे थे. मांग पूरी न होने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था.

Advertisement

मृतका ने कई बार फोन कर अपने परिवार को इस टॉर्चर के बारे में बताया था. परिजनों ने कई बार लखनऊ आकर समझौता कराने की कोशिश भी की, लेकिन प्रताड़ना का दौर थमा नहीं.

परिजनों का आरोप, हत्या कर शव को फंदे से लटकाया

शनिवार को परिजनों को रिश्तेदारों के जरिए सूचना मिली कि उनकी बेटी ने फांसी लगा ली है. हालांकि, मायके वालों का सीधा आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने पहले उसकी हत्या की और फिर मामले को सुसाइड का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया.

Advertisement

पुलिस बोलीं- 6 लोगों पर केस दर्ज, जांच जारी

मामले पर सआदतगंज इंस्पेक्टर संतोष आर्या ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पति समेत 6 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें - लखनऊ में 'ट्विशा' जैसा केस : जिसकी विदाई के समय पिता ने पकड़े दूल्हे के पैर, 6 महीने में आई खुदकुशी की खबर

Featured Video Of The Day
जैसलमेर में फिर उठा रेत का बवंडर, दिन में छाया अंधेरा