5 करोड़ की रंगदारी मांगने वाला शूटर आशु उर्फ मोंटी एनकाउंटर में ढेर: हत्या समेत 36 FIR थे दर्ज, कैसे बना था उधम सिंह गैंग का शार्प शूटर?

Shooter Ashu killed: मुठभेड़ में आशु उर्फ मोन्टी को गोली लग गई. जिसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मोन्टी पर एक व्यापारी से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप था.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

Shooter Ashu Alias Monty Killed: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाला शातिर बदमाश आशु उर्फ मोंटी (Shooter Ashu) मुठभेड़ में मारा गया. यह मुठभेड़ सिविल लाइंस इलाके में पोस्टमार्टम हाउस के पास हुई. आशु उर्फ मोंटी उधम सिंह गैंग का शार्प शूटर था. उसपर हत्या-लूट समेत 36 मुकदमे दर्ज थे. यह कार्रवाई पुलिस और एसटीएफ की टीम (Moradabad Police Encounter) ने की है.

5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगाने का था आरोप

शातिर बदमाश आशु उर्फ मोंटी पर व्यापारी से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप था. पुलिस के मुताबिक, 15 मार्च को एक व्यापारी ने शिकायत दी थी कि उससे 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई. इसके कुछ दिन बाद बदमाशों ने उसकी फैक्ट्री पर फायरिंग भी की, ताकि उस पर दबाव बनाया जा सके.

हालांकि तभी से आशु फरार चल रहा था. वहीं पुलिस उसे पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही थी. हालांकि इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि बदमाश किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं. जिसके बाद पुलिस ने एसटीएफ के साथ मिलकर बुधवार रात सिविल लाइंस इलाके में घेराबंदी की.

 शूटर आशु उर्फ मोन्टी का एनकाउंटर: सीने में लगी गोली

बता दें कि पुलिस ने घेराबंदी की तो आमना-सामना हो गया, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई. वहीं पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश को 2 गोली लगी. इनमें एक गोली सीधे सीने में जा लगी. वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें सर्च ऑपरेशन चला रही हैं. घायल बदमाश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

Advertisement
मौके से पुलिस को तीन अवैध हथियार मिले हैं, जिनमें 32 बोर की पिस्टल, एक रिवॉल्वर और एक बंदूक शामिल है. साथ ही काफी मात्रा में कारतूस भी बरामद किए गए हैं.

ऐसे बना था उधम सिंह गैंग का शार्प शूटर

आशु उर्फ मोन्टी हापुड़ के हाफिजपुर इलाके का रहने वाला था और उस पर हत्या, लूट, रंगदारी और गैंगस्टर जैसे करीब 36 मुकदमे दर्ज थे. उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था. बताया जा रहा है कि साल 2010 में वह हत्या के एक मामले में जेल गया था. जेल में ही उसका संपर्क कुख्यात उधम सिंह गैंग से हुआ और बाहर आने के बाद वह इस गैंग का शार्प शूटर बन गया. जमानत पर बाहर आने के बाद उसने लगातार अपराध करना शुरू कर दिया.

एक आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस

एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि व्यापारी से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने और फैक्ट्री पर फायरिंग की घटना के बाद पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की. पुख्ता सूचना के आधार पर बदमाशों की घेराबंदी की गई, जिसमें मुठभेड़ हुई. एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा आरोपी फरार हो गया है. उन्होंने यह भी कहा कि फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा.

Advertisement

घटना के बाद इलाके में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है. मौके पर एसएसपी समेत कई अधिकारी पहुंचे, वहीं अस्पताल में भी पुलिस के बड़े अधिकारी मौजूद हैं और पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है.

ये भी पढ़ें: Anamika Mishra Success Story: अयोध्या की बेटी अनामिका मिश्रा बनीं डिप्टी कलेक्टर, UPPSC में हासिल की चौथी रैंक

Featured Video Of The Day
Trump Full Speech | हमारा मकसद पूरा हुआ.. ईरान से जंग पर ट्रंप का बड़ा बयान | US Iran War BREAKING