जेवर लूटे, पति को मारा, और वो बेहोश हो गई...सोनम ने ढाबे वाले को क्या-क्या कहानी बताई

सवाल यह है कि सोनम की बताई कहानी कितनी सच्ची है? पुलिस ने देर शाम सोनम को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल में पेश किया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
नई दिल्ली:

राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक और दिलचस्प मोड़ आया है. यह मोड़ सामने आया है उस ढाबे वाले की गवाही से, जहां सोनम रघुवंशी पुलिस गिरफ्त में आने से ठीक पहले पहुंची थी. गाजीपुर के आकुशपुर स्थित ‘काशी चाय जायका' नाम के ढाबे के संचालक साहिल यादव के मुताबिक, सोनम रविवार देर रात करीब एक बजे ढाबे पर पहुंची और खुद को एक दर्दनाक कहानी का पात्र बताने लगी.

साहिल के अनुसार, सोनम बेहद घबराई हुई थी. सबसे पहले उसने कहा कि उसका मोबाइल गुम हो गया है और वह अपने घर फोन करना चाहती है. साहिल ने जब अपना फोन दिया तो सोनम ने भाई को कॉल किया. ‘हैलो भाई' बोलते ही वह फूट-फूट कर रोने लगी.

इसके बाद उसने साहिल को भी अपनी कहानी सुनाई  “मेरी शादी मई में हुई थी. पति के साथ मेघालय घूमने गई थी. वहां कुछ बदमाशों ने हमारे गहने लूटने की कोशिश की. पति ने विरोध किया तो उन्होंने उसकी हत्या कर दी. मुझे इतना सदमा लगा कि मैं बेहोश हो गई और फिर कैसे यहां पहुंची, मुझे कुछ याद नहीं.”

साहिल यादव के अनुसार, सोनम की हालत देखकर किसी भी आम आदमी को शक नहीं होता. उसके कपड़े पूरी तरह साफ थे, शरीर पर किसी तरह की चोट या गंदगी नहीं थी, और वह पूरी तरह संयत होकर बात कर रही थी. ऐसा नहीं लग रहा था कि वह 15 दिन तक किसी गंभीर मानसिक या शारीरिक संकट में रही हो.

ढाबे वाले के अनुसार, सोनम करीब दो घंटे तक वहीं रुकी रही. उसके भाई ने साहिल से दोबारा बात कर उसे पुलिस को कॉल करने के लिए कहा. "आप बस कहिए कि शिलॉन्ग केस से जुड़ी महिला आपके ढाबे पर है, पुलिस समझ जाएगी," भाई ने साहिल से कहा. इसके बाद 1:30 बजे पुलिस वहां पहुंची और सोनम को मेडिकल चेकअप के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया.

सोनम की स्क्रिप्टेड कहानी या हकीकत?

अब सवाल यह है कि सोनम की बताई कहानी कितनी सच्ची है? पुलिस के अनुसार, यह पूरा बयान सोनम की सोची-समझी प्लानिंग का हिस्सा हो सकता है. उसे अंदाजा था कि पुलिस उसे खोज रही है, और एक ऐसी कहानी गढ़ी जाए जिससे वह खुद को मासूम साबित कर सके.

Advertisement

मेडिकल जांच और पुलिस का आगे का कदम

मेघालय पुलिस ने देर शाम सोनम को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल में पेश किया, जहां सिर दर्द और हल्का बुखार दर्ज किया गया. हालांकि, किसी गंभीर चोट या मानसिक आघात के लक्षण नहीं मिले. बाद में उसे कोर्ट में पेश किया गया और ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया शुरू हुई.

ये भी पढ़ें-: राजा रघुवंशी मर्डर: गिरफ्तार सोनम ने पति की हत्या को लेकर दिया पहला बयान, जानें क्या कहा

Advertisement
Featured Video Of The Day
Jammu Kashmir News: जम्मू के R S Pura ऑब्जर्वेशन होम से तीन बंदी फरार, दो पाकिस्तानी शामिल
Topics mentioned in this article