यूपी के प्रतापगढ़ से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने महिला सुरक्षा को लेकर किए जा रहे बड़े-बड़े दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए मिशन शक्ति जैसे अभियान चला रहे हैं, लेकिन प्रतापगढ़ के कंधई थाना क्षेत्र से वायरल हो रहा यह वीडियो एक अलग ही तस्वीर बयां कर रही है.
क्या आपने कभी किसी थाना प्रभारी को एक महिला को थप्पड़ मारते देखा है? क्या आपने कभी एक मां और उसकी नाबालिग बेटी को पुलिसकर्मियों के सामने जबरन घसीटते देखा है? अगर नहीं, तो यह वायरल वीडियो देखिए, जो इस समय पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है. मामला एक विवादित यूकेलिप्टस के पेड़ को काटने का था. आरोप है कि विरोध कर रही महिला पर कंधई थाना प्रभारी का गुस्सा इस कदर फूटा कि उसे थप्पड़ जड़ दिया.
महिला सुरक्षा पर उठ रहे हैं सवाल
महिला की गोद में एक मासूम बच्चा भी था, लेकिन आरोप है कि उसकी भी परवाह नहीं की गई. इतना ही नहीं, मां और उसकी नाबालिग बेटी को पकड़कर मौके से हटाया गया. बचाव के लिए आए बच्चों को भी धक्का दिए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं. वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे दृश्य अब कई बड़े सवाल खड़े कर रहे हैं. क्या कानून व्यवस्था बनाए रखने के नाम पर महिलाओं के साथ ऐसा व्यवहार स्वीकार किया जा सकता है? क्या यही संवेदनशील पुलिसिंग है? और अगर वीडियो में दिख रहे आरोप सही हैं, तो जिम्मेदारी किसकी तय होगी?
यह भी पढ़ें- Jewar Airport flyover पर बड़ा हादसा, भारी क्रेन पलटने 3 की मौत एक की हालत नाजुक
हालांकि, कंधई थाना प्रभारी ने महिला को थप्पड़ मारने के आरोपों से साफ इनकार किया है. उनका कहना है कि महिलाओं को केवल आरे के पास जाने से रोका जा रहा था, ताकि कोई हादसा न हो, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवालों का तूफान खड़ा हो गया है. अब निगाहें प्रशासन पर हैं कि वह इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाता है, या फिर यह मामला भी आरोप और सफाई के बीच सिमट कर रह जाएगा?
यह भी पढ़ें- केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं के साथ जानवरों जैसा व्यवहार, वायरल वीडियो में दिखा शर्मनाक मंजर