उत्तर प्रदेश के बरेली से चर्चा में आए महिला को थप्पड़ मारने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. एसएसपी ने बताया कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर सुभाषनगर थाने में आरोपी महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
दरअसल, पूरा मामला सुभाषनगर थाना क्षेत्र का है. पीड़ित महिला विमला देवी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से शिकायत करते हुए बताया कि उनकी बेटी पिछले करीब आठ महीनों से करगैना इलाके में ममता नाम की महिला के घर झाड़ू-पोछा का काम कर रही थी. काम के बदले हर महीने 5 हजार रुपये तय हुए थे, लेकिन इतने लंबे समय में एक भी महीने की तनख्वाह नहीं दी गई. विमला देवी का आरोप है कि कुछ समय पहले उनकी बेटी की तबीयत खराब हो गई थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए दिल्ली भेजना पड़ा.
बेटी का मेहनताना लेने गई थी मां
जाने से पहले बेटी ने अपनी मां से कहा था कि वह उसके काम के पैसे ले आए. इसी बात को लेकर विमला देवी ममता के घर पहुंचीं. आरोप है कि जैसे ही उन्होंने पैसे मांगे, ममता भड़क गई. पहले तो उसने उल्टा-सीधा सुनाना शुरू किया, फिर गुस्से में आकर मारपीट करने लगी. वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ममता, विमला देवी का गला दबाती है और फिर कई थप्पड़ मारती है. वायरल वीडियो में पूरे 10 थप्पड़ महिला को मारे गए हैं. इतना ही नहीं, वह उन्हें धक्का देती है और जान से मारने की धमकी भी देती नजर आ रही है.
वीडियो में यह भी सुनाई दे रहा है कि ममता किसी परचून के उधार के 1200 रुपये का जिक्र कर रही है और उसी बात को लेकर बहस बढ़ती चली जाती है. हालांकि, पीड़ित पक्ष का कहना है कि यह सिर्फ बहाना बनाकर मजदूरी देने से बचने की कोशिश थी.
विमला देवी ने अपनी शिकायत में साफ कहा कि उनकी बेटी ने मेहनत से काम किया, लेकिन उसे उसका हक नहीं मिला. ऊपर से जब उन्होंने पैसे मांगे तो उनके साथ बदसलूकी और मारपीट की गई.
ये भी पढ़ें- UP News: कब्र खोदकर निकाली गई लड़की की लाश, पीएम रिपोर्ट करेगी पर्दाफाश; परिजनों ने प्रेमी पर लगाए थे गंभीर आरोप














