Noida Workers Protest: सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे हजारों मजदूर, किया सड़क जाम

Noida Workers Protest: प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने हरियाणा की तर्ज पर नोएडा में भी न्यूनतम वेतन बढ़ाने की मांग की है. उन्होंने अकुशल, अर्धकुशल, कुशल और उच्च कुशल श्रमिकों के लिए मासिक वेतन तय करने की मांग की है. 

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Noida News: उत्तर प्रदेश के नोएडा के फेज-2 क्षेत्र में आज उस समय हालात तनावपूर्ण हो गए, जब फैक्ट्रियों में काम करने वाले हजारों मजदूरों ने वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर जोरदार हंगामा शुरू कर दिया. फेज 2 के होजरी कॉम्प्लेक्स स्थित कई एक्सपोर्ट कंपनियों के मजदूर एकजुट होकर सड़कों पर उतर आए और NSEZ से सूरजपुर जाने और आने वाले मुख्य मार्ग को जाम कर दिया.

भारी संख्या में पुलिस बल तैनात

कारीगरों के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए RRF की टीम को भी तैनात किया गया. मौके पर पुलिस के बड़े अधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी और लेबर कमिश्नर भी पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की.  प्रदर्शन के दौरान मजदूरों और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी देखने को मिली, हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए लोगों को शांत करा दिया.

मजदूरों की ये मांग

मजदूरों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच उनका गुजारा करना मुश्किल हो गया है. उनका कहना है कि कमरे का किराया लगातार बढ़ रहा है और अब गैस सिलेंडर भी महंगे दामों पर खरीदना पड़ रहा है. ऐसे में मौजूदा वेतन में परिवार का खर्च चलाना संभव नहीं है. मजदूरों की मांग है कि हरियाणा की तर्ज पर नोएडा में भी न्यूनतम वेतन बढ़ाया जाए. उन्होंने अकुशल श्रमिकों के लिए 15,220 रुपये, अर्धकुशल के लिए 16,781 रुपये, कुशल के लिए 18,501 रुपये और उच्च कुशल श्रमिकों के लिए 19,426 रुपये मासिक वेतन तय करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस ने किसी तरह मजदूरों को शांत करवा के सड़क को खुलवा दिया है.

ये भी पढ़ें: कानपुर किडनी कांड: सरगना समेत तीन आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित, दिल्ली-उत्तराखंड में तलाश रही पुलिस की 3 टीमें

Advertisement
Featured Video Of The Day
CM Bhagwant Mann: क्या विधानसभा में नशे में थे भगवंत मान, आरोपों पर क्या बोली AAP
Topics mentioned in this article